रायबरेली में 60 वर्ष या अधिक आयु की महिलाओं के लिए लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ किया गया। पात्र महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।

UP News: रायबरेली में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का जनपद स्तरीय शुभारंभ किया गया। बुधवार को रतापुर स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में योजना की शुरुआत की गई। योजना के तहत पात्र वरिष्ठ महिलाओं को बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योजना के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रायबरेली के कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने देखा। रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को सहयात्री सहित मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा को भी कार्यक्रम में प्रमुखता से बताया गया। UP News:
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्यान एवं कृषि विपणन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस मौके पर सलोन विधायक अशोक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को प्राथमिकता दे रही है। उनके मुताबिक, यह योजना 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए धार्मिक स्थलों और अपने रिश्तेदारों तक आने-जाने को आसान बनाएगी। UP News:
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महिला कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की पात्र बालिकाओं को प्रमाण पत्र दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जननी सुरक्षा योजना की लाभार्थियों को 1,400 रुपये के डमी चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा कार्यक्रम में मौजूद पात्र महिलाओं को साड़ी और मिठाई देकर सम्मानित किया गया।
सलोन विधायक अशोक कुमार और जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को सहयात्री के साथ मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देना सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाओं से महिलाओं को आवागमन में राहत मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पांडेय ने किया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।UP News:
विज्ञापन