UP News: महिला का आरोप है कि उसे तीनों बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसने जिस युवक के साथ कोर्ट मैरिज की थी उसने अपना नाम व धार्मिक पहचान छिपाई है। मामला धामपुर का है। कुछ वर्षों बाद युवक ने कथित तौर पर फोन पर तीन तलाक देकर संबंध खत्म कर लिए।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके माता-पिता बचपन में गुजर गए। इसके बाद उसके ताऊ ने उसका पालन-पोषण किया। आर्थिक तंगी के कारण उसने एक स्थानीय परिवार के यहां घरेलू काम करना शुरू कर दिया था।
महिला के मुताबिक यहीं उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। युवक ने अपना नाम भूरा बताया और खुद को हिंदू बताया। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए और 2020 में बिजनौर में कोर्ट मैरिज कर ली।
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद उसे पता चला कि युवक का असली नाम सुभान अहमद है और वह मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है लेकिन शादी हो चुकी थी इसलिए उसने समझौते का रास्ता चुना। दोनों के तीन बच्चे हुए। सुभान अहमद धामपुर में सैलून चलाता था लेकिन बाद में अपनी दुकान बंद कर वो दिल्ली चला गया।
पीड़िता का कहना है 12 जुलाई को सुभान अहमद ने उसे फोन कर कथित तौर पर तीन तलाक दे दिया और घर छोड़ देने के लिए भी कह दिया। इसके बाद सुसराल वालों ने उसे तीन बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया।
इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। धामपुर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी सुभान उर्फ भूरा, पुत्र सिराजुद्दीन, निवासी स्योहारा चुंगी, धामपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन