
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क को लेकर बीजेपी विधायक को सामने आना पड़ा। दरअसल, बीकेटी इलाके में एक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य हो रहा था। जिसकी अनियमितता को लेकर शुक्रवार को बीकेटी सीट से विधायक योगेश शुक्ला ने लोक निर्माण के मंत्री जितिन प्रसाद को पत्र लिखा है।
वहीं यह पत्र जैसे ही सामने आया। उसके बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने सरकार को आड़े हाथों ले लिया। शिवपाल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि वाह रे सरकार! अब समझ में आया कि विधानसभा में लोक निर्माण विभाग पर चर्चा से क्यों भाग रहे थे।
विधायक योगेश शुक्ला ने लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखते हुए कहा कि मेरे विधान सभा क्षेत्र बख्शी का तालाब में बी.के.टी. से बाबागंज मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। मेरे द्वारा सम्बन्धित अधिशाषी अभियन्ता से मौखिक रूप से पहले भी कहा जा चुका है कि सड़क की गुणवत्ता की जांच समय-समय पर की जाती रहे। उसके बाद भी अधिकारियों द्वारा मौके की जांच नहीं की गई। आलम ये हुआ कि 2 दिन पूर्व कुम्हरावां से शुरु हुई सड़क 24 घण्टे के अन्दर ही इसमें डाली गई गिट्टियां उखड़ कर पूरी तरह से बिखर गई।
जानकारी के मुताबिक, इसकी लागत 40 करोड़ रुपये है।बता दें कि बीजेपी विधायक ने कहा साक्ष्य के रूप में विडियो भी है। सड़क की गुणवत्ता से छेड़छाड़ पूर्णतः अक्षम्य है। इसलिए निवेदन है कि एक उच्चस्तरीय कमेटी से जांच कराकर संलिप्तों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करने की कृपा करें। हालांकि यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है।