विज्ञापन
Lucknow Fire News: लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आने पर चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने बिल्डिंग मालिक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का भी गठन किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, जिन अधिकारियों को निलंबित किया गया है उनमें जानकीपुरम कलेक्शन के अधिशासी अभियंता गौरव कुमार, इंदिरानगर फायर स्टेशन के फायर स्टेशन सेकेंड ऑफिसर (FSSO) कमलेंद्र कुमार सिंह, सहायक अभियंता अनिल कुमार और जूनियर इंजीनियर प्रमोद पांडे शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में इनके स्तर पर लापरवाही की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में बिल्डिंग मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, रामकृष्ण उपाध्याय, सुरेश कुमार शाहू और तुषार कृष्णा जायसवाल शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार दोपहर अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित एक बहुमंजिला इमारत में आग लग गई थी। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हैं। हादसे में घायल हुए लोगों का इलाज किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में चल रहा है।
जिस इमारत में आग लगी वहां अलग-अलग व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर पेट शॉप और क्लीनिक थे। वहीं दूसरे तल पर 'लर्निंग स्पेस' नाम से लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर चल रहा था। इसी फ्लोर पर 'हेड हॉपर स्टूडियो' भी संचालित हो रहा था जहां 3D आर्ट, एनीमेशन और गेम एसेट्स से जुड़ा काम किया जाता था।
आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में धुआं पूरी इमारत में फैल गया। बताया जा रहा है कि, कई छात्रों ने खुद को बचाने के लिए बाथरूम में शरण ली। वहीं कुछ लोगों ने पहली मंजिल से छलांग लगाकर और बिजली के केबल के सहारे नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। फायर ब्रिगेड की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे की जांच के लिए दो सदस्यीय SIT के गठन के निर्देश दिए हैं। इस टीम में पर्यटन, धर्मार्थ कार्य एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है। SIT को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है।
विज्ञापन