
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर हर जगह देखने को मिल रहा है।राजधानी लखनऊ में भी लोगों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मोहनलालगंज इलाके में लगभग 50 गांव अंधेरे में है। विद्युत कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा 72 घंटे के लिए हड़ताल पर चले जाने के कारण बिजली घरों पर ताले लटके रहे। रात्रि में हुए ब्रेकडाउन के बाद से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगो को बिजली-पानी की समस्या से जूझना पड़ा।
बिजली कर्मियों के 72 घंटे हड़ताल पर जाने से पूर्व गुरुवार की शाम से ही मोहनलालगंज और निगोहां विद्युत उप केंद्र की बिजली बंद हो गई। दोनो उपकेंद्रों से जुड़े करीब 50 गांव से अधिक शुक्रवार सुबह 5 बजे से अंधेरा छाया रहा। बिजली विभाग के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों का मोबाइल स्विच ऑफ था। ऐसे में हड़ताल की सूचना पर किए गए विभाग के पूरे इंतजाम ध्वस्त नजर आए। मोहनलालगंज उपकेंद्र से जुड़े 50 गांव में शुक्रवार की सुबह से ही बिजली सप्लाई बंद हो गई। लोगों के इनवर्टर भी जवाब दे गए।
मोहनलालगंज के पूर्व सपा विधायक ने उपजिलाधिकारी हनुमान प्रसाद मौर्या से फोन पर बात कर जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति की मांग की। विधायक ने बताया कि सरकार को मालूम है कि पहले से बिजली कर्मी हड़ताल पर जाने वाले हैं इसके बावजूद कोई इंतजाम नहीं किया गया जनता परेशान है और लाचारी में उसे नहीं समझ में आ रहा कि वह क्या करे। जनता की समस्या का जल्द से जल्द समाधान होना चाहिए। अगर यही हालात रहे तो लोग पानी और बिजली के लिए बिलबिलाते रहेंगे।