
Lucknow News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बवाल करने के आरोप में करीब तीन सौ अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपित अधिवक्ताओं ने मोहनलालगंज में अधिवक्ता की पिटाई के बाद हुए बवाल किया था। पुलिस ने 300 अज्ञात वकीलों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि शुक्रवार की रात कस्बा मोहनलालगंज में बाइक व कार में मामूली टक्कर के बाद पुलिस ने वकील अश्वनी कुमार सिंह व उसके साथी अरुण ओझा को थाने लाकर पीटा था।
इससे नाराज वकीलों ने शनिवार को थाने का घेराव कर हाईवे जाम कर दिया था। दरोगा राजकुमार व वीके सरोज पर केस दर्ज करने के साथ ही वकील व उसके साथी पर दर्ज केस को खत्म करने की मांग कर रहे थे। इसके चलते लगभग आठ घंटे तक लखनऊ-रायबरेली राजमार्ग व अन्य मार्ग जाम रहे थे। मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली से नाराज वकीलों ने दोबारा हाईवे जाम कर दिया था।
इसके बाद दरोगाओं के स्थानांतरण व कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया था। रोड जाम कर प्रदर्शन करने व बवाल करने को लेकर इंस्पेक्टर कुलदीप दूबे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि रोड जाम कर बलवा करने वाले अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।