Lucknow News : तिलहन का तीन गुना उत्पादन कम समय में किया: योगी
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:35 AM
भारत
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:35 AM
Lucknow: लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश ने बहुत ही कम समय में तिलहन का तीन गुना उत्पादन किया है। साथ ही दलहन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रयास किये गये हैं। उक्त उदगार प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उ.प्र. कृषि अनुसंधान परिषद के 33वें स्थापना दिवस के अवसर पर सतत कृषि के लिये अभिनव दृष्टिकोण विषय पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किये। समारोह से मुख्यमंत्री वर्चुअली जुड़े।
कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष कैप्टन विकास गुप्ता की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि हमने जब प्रदेश की कमान संभाली तो अर्थव्यवस्था का ढांचा चरमराया हुआ था। हमने सभी सहयोगियों के साथ मेहनत करके अर्थव्यवस्था को संभाला। इसमें भी कृषि क्षेत्र का विशेष योगदान रहा, जिसके लिए कृषि अनुसंधान परिषद के अध्यक्ष कैप्टन विकास गुप्ता बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान परिषद लगातार प्राकृतिक और जैविक खेती पर काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार लगातार किसानों के लिए काम कर रही है। हम चाहते हैं कि किसानों के साथ-साथ सभी लोग मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के अनुरुप एक नये भारत का निर्माण कर सकें। कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने भाग लिया। संगोष्ठी में पदमश्री से सम्मानित प्रदेश के कृषक तथा निवेश आपूर्ति करने वाली फर्मों का भी एक सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान उ.प्र. डा. देवेश चतुर्वेदी, उपमहानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली डा. एके. सिंह, इन्टरनेशनल राइस रिसर्च इंन्टीट्यूट के परामर्शी डा.यू.एस.सिंह, भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान, लखनऊ के निदेशक डा. ए.डी.पाठक, केन्द्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ के प्रधान वैज्ञानिक डा. एस. के. शुक्ला, एफपीओ सेल के प्रदेश समन्वयक डा. अवनी कुमार सिंह, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली के प्रधान वैज्ञानिक डा. राजीव कुमार सिंह, तथा डा. वी.पी. शाही ने भी भाग लिया। संगोष्ठी में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के विभिन्न जनपदों के कृषि विज्ञान केन्द्रों द्वारा संस्तुत 20 प्रगतिशील कृषकों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।