सहारा श्री सुब्रत रॉय का लखनऊ में कल होगा अंतिम संस्कार
आज उनका पार्थिव शरीर लखनऊ लाया जाएगा। लखनऊ में ही उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी
Subrata Roy
भारत
RP Raghuvanshi
15 Nov 2023 07:52 PM
भारत
RP Raghuvanshi
15 Nov 2023 07:52 PM
Subrata Roy : सहारा श्री सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद लखनऊ पहुंचेगा। उनका कल देर रात मुंबई के एक अस्पताल में देर रात निधन हो गया था। मृत्यु की वजह कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट बताई गई है। बीते कुछ महीनों से उनका इलाज चल रहा था। आज उनका पार्थिव शरीर लखनऊ लाया जाएगा। लखनऊ में ही उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी।
मुंबई में चल रहा था इलाज
आपको बता दें कि सहारा श्री सुब्रत रॉय कई तरह की बीमारियों से ग्रसित थे। मुंबई के निजी अस्पताल में बीते कुछ महीनों से उनका इलाज चल रहा था। सहारा समूह की तरफ से जारी प्रेस नोट में उनकी मौत की वजह कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट बताई गई है। इसके अलावा सहारा श्री हाइपर टेंशन और बीपी के मरीज भी बताए गए हैं।
विशेष विमान से लखनऊ पहुंचेगा पार्थिव शरीर
सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर विशेष विमान से लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेगा। शाम पांच बजे के आसपास पार्थिव शरीर गोमती नगर स्थित सहारा सिटी में लोगों के दर्शन के लिए रखा जाएगा। सहारा समूह से जुड़े हुए गुलाम जीशान ने बताया कि कल सुबह तक शव लोगों के दर्शन के लिए वहां रखा जाएगा। ऐसी उम्मीद है कि सहारा समूह से जुड़े हुए देश भर के कर्मचारी बड़ी संख्या में वहां पहुंच सकते हैं। दोपहर 12.00 बजे विपुल खंड गोमतीनगर से उनकी अंतिम शव यात्रा निकाली जाएगी। गुरुवार को गोमती नगर के बैकुंठ धाम में सहारा श्री का अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार का समय कल ही तय किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है ।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/1724622248286236986?t=nie1H2T86MtkqFwgDU-Qpw&s=08
सहारा समूह के प्रमुख श्री सुब्रत रॉय जी का निधन अत्यंत दु:खद है।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति दें।
- योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री उप्र
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सहारा श्री सुब्रत रॉय के निधन पर शोक व्यक्त किया है ।
https://twitter.com/yadavakhilesh/status/1724492550315323811?t=v5cl4BOGyhOwfsgfShkn1Q&s=08
सहारा श्री सुब्रत रॉय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावात्मक क्षति हैं क्योंकि वो एक अति सफल व्यवसायी के साथ-साथ एक ऐसे अति संवेदनशील विशाल हृदय वाले व्यक्ति भी थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की उनका सहारा बने।
अखिलेश यादव
राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी
सहारा श्री सुब्रत रॉय अपने पीछे परिवार में पत्नी स्वप्ना रॉय ,दो पुत्र सुशांतों रॉय व सीमांतों रॉय ,दो पुत्रवधु व पोते- पोतियों को छोड़ गए हैं ।