
Lucknow News : उत्तर प्रदेश में बारिश का मौसम लगभग समाप्त हो चुका है। मौसम सर्दी की तरफ अग्रसर है। पिछले दिनों हिमालय पर्वत पर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार बारिश के साथ ओले भी गिरे थे, जिसके बाद अचानक मौसम में परिवर्तन हो गया। कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं यूपी के ग्रामीण इलाकों की बात की जाए तो सुबह व शाम के समय हल्की ठंडक शुरू हो गई है। आइसोलेटेड स्थान पर सुबह के समय हल्की धुंध छाई हुई है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, नवंबर माह के पहले सप्ताह से उत्तर प्रदेश में ठंडक शुरू हो जाएगी। इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई भीषण बारिश की वजह से पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कड़ाके की ठंडक पड़ने की संभावना है। वहीं बीते दिनों बरेली सबसे अधिक ठंडा जिला रहा, जहां पर न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। लखनऊ में भी सुबह-शाम के समय हल्की ठंडक शुरू हो गई है।
रात के समय ठंडक में इजाफा हुआ है। अभी दिन में तेज धूप निकलने से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। लेकिन सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहती है लेकिन दिन में आसमान साफ रहता है। राजधानी में इन दिनों अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है, वहीं न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो की सामान्य है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में अगले 5 दिनों तक सुबह के समय हल्की धुंध छाई रहेगी। बाद में मौसम साफ रहेगा, धूप खिलेगी। Lucknow News