
UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिता अपने सामने अपने मासूम बेटे की मौत होते देखता रहा। दरअसल, लखनऊ में एक मासूम बालक आटा चक्की में पिस गया है। घटना के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के रहमत नगर निवासी किसान राजकुमार का छोटा बेटा अभय क्लास 5वीं कक्षा में पढ़ता था। घर में आटा खत्म होने पर राजकुमार गेहूं लेकर चौराहे पर मौजूद आटा चक्की पर गेंहू पिसवाने के लिए ले गया था तो पिता के पीछे-पीछे अभय भी चला गया। चक्की वाले में गेहूं पिसने के लिए चक्की में डाले दिए थे। राजकुमार और चक्की चालक एक तरफ खड़े हुए थे।
अभय चक्की के पट्टे के पास चला गया, तभी बच्चे ने पहना हुआ लोअर का नाड़ा आटा चक्की के पट्टे में फंस गया और अभय पट्टे के साथ खिंचा चला गया। अभय को देख पिता राजकुमार उसे बचाने के लिए दौड़ा। मगर, पट्टे में फंसा अभय कई बार घूम गया था। चक्की को बंद किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बालक दम तोड़ चुका था।
बालक के पिता ने बताया कि पट्टे में फंसने के बाद लोअर से अभय का एक पैर निकाल दिया था, लेकिन दूसरे पैर को लोअर निकल पाते इसके पहले कि अभय पट्टे की चपेट में आकर कई राउंड घूम गया, जिससे बेटे की मौके पर मौत हो गई। बेटे को बचाने के फेर में उसे भी चोट लगी और बेटे की लाश देख वह बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़ा था।
घटना की जानकारी लगते ही राजकुमार की पत्नी नंगे पैर ही चक्की की ओर दौड़ी-दौड़ी आई। मां ने जैसे ही अभय का शव देखा तो वह बेहोश हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने अभय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। UP News