
UP News : लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने यूपी की जनता को सस्ती बिजली देने की ओर एक और कदम बढ़ाते हुए ओबरा में 800 मेगावाट यूनिट के दो पॉवर प्लांट लगाने को मंजूरी दे दी है। योगी केबिनेट की हुई बैठक में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मोहर लगाई गई। केबिनेट की बैठक में कुल 17 प्रस्ताव रखे गए थे।
केबिनेट की बैठक में लिए गए इस महत्वपूर्ण फैसल की जानकारी देते हुए ऊर्जा मंत्री एनके शर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है। आने वाले समय में मांग और बढ़ेगी। इसको देखते हुए ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के दौरान एनटीपीसी के साथ समझौते पर राज्य सरकार ने अपनी मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से ओबरा पॉवर प्लांट- बी के नाम से 800- 800 मेगावाट यूनिट के दो अल्ट्रा सुपर पॉवर प्लांट स्थापित किए जाएंगे।
ओबरा में राज्य सरकार की 500 एकड़ जमीन पर यह प्लांट स्थापित होंगे। यह प्रोजेक्ट प्रदेश सरकार व एनटीपीसी का ज्वाइंट प्रोजेक्ट होगा। पहली यूनिट 50 महीने तथा दूसरी 56 महीने में तैयार करके प्रदेश वासियों को सस्ती बिजली दी जाएगी। प्रदेश सरकार पूरे प्रोजेक्ट की लागत का 30 प्रतिशत इक्विटी देगी जो लगभग 2657 करोड़ रुपये होगी।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस समय सरकार साढ़े पांच रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीद रही है। इन दोनों प्लांटों के स्थापित हो जाने के बाद सरकार 4 रुपये 79 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीद सकेगी।