सोनभद्र के चोपन कस्बे में चोरों ने प्रसिद्ध मां काली मंदिर को निशाना बनाकर चांदी का मुकुट, चांदी की छतरी और पीतल की लड्डू गोपाल प्रतिमा समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए।

UP News : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के चोपन कस्बे में चोरों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज 24 घंटे के भीतर चोरी की कई घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। चोरों ने प्रसिद्ध मां काली मंदिर को निशाना बनाकर चांदी का मुकुट, चांदी की छतरी और पीतल की प्रतिमा समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए। इसके अलावा फाइनेंस कर्मियों की बाइक चोरी होने की घटना भी सामने आई है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार चोपन कस्बे के प्रसिद्ध मां काली मंदिर में देर रात चोर पार्क की तरफ बने छोटे गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने गर्भगृह के आसपास रखे सामान को खंगाला और वहां मौजूद कीमती वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया। चोर मंदिर से मां काली का चांदी का मुकुट, चांदी की छतरी और पीतल से बनी लड्डू गोपाल की प्रतिमा समेत अन्य सामान ले गए। बताया गया कि मां की नथिया को चोर आर्टिफिशियल समझकर वहीं छोड़ गए। मंदिर में चोरी की जानकारी शनिवार सुबह करीब छह बजे हुई। मंदिर के पुजारी मनीष तिवारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर के कपाट खोलने पहुंचे थे। अंदर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। पुजारी ने तत्काल थाना चोपन पुलिस और मंदिर समिति के सदस्यों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही कस्बा इंचार्ज और प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुजारी की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने घटना का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया है। UP News :
मंदिर समिति के अनुसार, मंदिर परिसर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी समर्सिबल केबल और बिजली के तार दो बार चोरी हो चुके हैं। लगातार चोरी की घटनाओं के बावजूद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मंदिर समिति का कहना है कि सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की मांग को लेकर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को दो बार लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है। मां काली मंदिर में चोरी के अलावा चोपन कस्बे में फाइनेंस कर्मियों की बाइक चोरी होने की घटना भी सामने आई है। महज 24 घंटे के भीतर कई चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद स्थानीय नागरिक और व्यापारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं। फिलहाल पुलिस मंदिर में हुई चोरी की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। UP News :
विज्ञापन