
Mafia Atique Ahmed/ प्रयागराज : उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी माफिया अतीक अहमद की मुश्किलें दिनों दिन बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में पुलिस माफिया अतीक अहमद के खुल्दाबाद के करबला स्थित कार्यालय पहुंची। यहां छापेमारी के दौरान पुलिस को करोड़ों की नकदी और हथियार बरामद हुए हैं।
दरअसल, प्रयागराज पुलिस को सूचना मिली कि माफिया अतीक अहमद के दफ्तर में डेड बॉडी होने की आशंका पर टीम वहां पहुंची थीं। पुलिस ने दफ्तर से दो लोगों को हिरासत में भी लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों अतीक के करीबी बताए जा रहे हैं. एक का नाम सोनू और दूसरे का नाम अबू तालिब बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस दफ्तर में खुदाई कर रही है। करीब एक करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है। नोटों को गिनने के लिए पुलिस मशीन लेकर पहुंच गई है। प्रयागराज पुलिस के मुताबिक, अतीक के दफ्तर से करीब 10 पिस्टल बरामद हुई है। दफ्तर में बड़ी संख्या में पुलिस बुला ली गई है।