
Mainpuri By Election 2022: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में चुनाव प्रचार के दौरान प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यदि उनका सहयोग लिया जाता तो आज अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होते। उन्होंने कहा कि नेताजी यानि स्व. मुलायम सिंह यादव को यदि सच्ची श्रद्धांजलि देनी है तो डिंपल यादव को चुनाव जिताना होगा।
शनिवर को मैनपुरी जिले के गांव विनायकपुर में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर हमलावर किया और कहा कि वर्ष 2017 में धोखा हो गया। तब भाजपा ने हमारा फायदा उठाया। इसके बाद 2019 के चुनाव में भी भाजपा ने हमारा फायदा उठाया। यदि बीते विधानसभा चुनाव में अखिलेश हमारा सहयोग लेते तो समाजवादी की सरकार बन जाती और वह मुख्यमंत्री होते।
जनसभा में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि वर्ष 2019 में मैनपुरी की जनता ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को पांच साल के लिए चुना था। लेकिन समय को कौन टाल सकता है। उन्होंने कहा कि नेताजी ने हर वर्ग हर जाति के लोगों की मदद की। भाजपा के लोगों ने नेताजी के निधन के तीन महीने भी पूरे नहीं होने दिए और इतनी जल्दी चुनाव की घोषणा करा दी। अगर चुनाव आयोग भी दबाव में कार्य करने लगे तो लोकतंत्र कहां रह जाएगा। अब हमें बेईमान और झूठे लोगों से मुकाबला करना है।
शिवपाल यादव ने योगी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब छह वर्ष से भाजपा की सरकार है, परंतु एक भी वादा पूरा नहीं किया। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। किसानों की उपज का मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है। किसान की खाद भी महंगी कर दी। इस बार डिंपल यादव को जिताकर उनको जवाब देना है। कोसमा की जनसभा में शिवपाल ने कहा कि सभी बूथ अध्यक्ष व सभी पदाधिकारी एकजुट होकर काम करें। नेताजी को सच्ची श्रद्धांजलि पांच तारीख को डिंपल यादव के पक्षा में मतदान कर देनी है।
देश दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।