
Mainpuri By elections Results: उत्तर प्रदेश में दो विधानसभा और एक लोकसभी सीट पर उपचुनाव हुआ था। जिसके परिणाम आ रहे हैं। मैनपुरी सीट से समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव चुनाव लड़ रही है। इस सीट पर डिंपल यादव, भाजपा प्रत्याशी से काफी आगे चल रही है।
भाजपा ने इस सीट पर पूर्व समाजवादी पार्टी नेता रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा था। जिसके बाद इस सीट पर भाजपा ने पूरी ताकत से चुनाव लड़ा था। भाजपा लगातार जीत के दावे कर रही थी, लेकिन समाजवादी पार्टी ने चुनाव से पहले ही कह दिया था कि, वह ये सीट जीतने वाले हैं। फिलहाल डिंपल यादव इस सीट पर 1.5 लाख वोटों से आगे चल रही हैं। इसी बीच अखिलेश यादव के चचेरे भाई और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव की चुनाव से पहले की गई भविष्यवाणी सही साबित होती दिख रही है।
चुनाव प्रचार के दौरान धर्मेंद्र यादव ने एक न्यूज चैनल से बात करते हुए दावा किया था कि, भाजपा के प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य अपने बूथ से चुनाव हार जाएंगे। धर्मेंद्र यादव ने कहा था कि मैं बड़ी बात नहीं कहना चाहता हूं, लेकिन मेरी ये बात रिकॉर्ड में रखिएगा। भाजपा के उम्मीदवार जिनका पैतृक गांव धौलपुर है। उस गांव से रघुराज सिंह शाक्य और भारतीय जनता पार्टी हार आएगी। ये बात आप रिकॉर्ड में रखिएगा, 8 दिसंबर को नतीजे आने के बाद बात करिएगा आकर।
आपको बता दें कि बीजेपी उम्मीदवार रघुराज सिंह शाक्य अपने बूथ से 187 मतों से चुनाव हार गए हैं। रघुराज सिंह शाक्य अपना बूथ भी नहीं जीत पाए है। हार के बाद रघुराज सिंह शाक्य ने समाजवादी पार्टी पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है। फिलहाल डिंपल यादव इस सीट पर डेढ़ लाख से अधिक मतों के अंतर से आगे चल रही है। उनकी इस सीट पर जीतना तय माना जा रहा है।