
Mainpuri byelection 2022: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी संसदीय सीट पर हो रहे उप चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से डिंपल यादव ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान सपा सुप्रीमो और डिंपल के पति अखिलेश यादव, सपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी भी उनके साथ रहे।
आपको बता दें कि मैनपुरी संसदीय उप चुनाव की ओर से डिंपल यादव को सपा प्रत्याशी बनाया गया है। आज दोपहर डिंपल यादव निर्वाचक अधिकारी कार्यालय में पहुंची और नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले डिंपल यादव और पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी के दिवंगत संरक्षक मुलायम सिंह यादव को इटावा के सैफई में उनके स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि मैनपुरी उपचुनाव में सपा के प्रत्याशी के रूप में दरअसल नेताजी की समाजवादी आस्थाओं का ही नामांकन हो रहा है। जिस प्रकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों के लोगों और जनमानस ने सैफई आकर नेताजी को श्रद्धांजलि दी है, उसका सच्चा परिणाम ये होगा कि सपा प्रत्याशी की ऐतिहासिक जीत होगी।
डिंपल यादव ने एक ट्वीट किया कि, नेताजी को सादर नमन के साथ, हम आज का नामांकन उनके सिद्धांतों और मूल्यों को समर्पित कर रहे हैं। नेताजी का आशीर्वाद हम सबके साथ हमेशा रहा है, हमेशा रहेगा।