सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 412 जोड़ों की शादी हुई। हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध रीति-रिवाजों से संपन्न समारोह में नवदंपतियों को 64 हजार रुपये की सहायता और 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री देने की जानकारी सामने आई। जानिए समारोह की पूरी जानकारी।

Uttar Pradesh News : उत्तर प्रदेश के जिला सिद्धार्थनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में 412 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर नए जीवन की शुरुआत की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय के समीप मैदान में बुधवार को आयोजित इस कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध धर्म की परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराए गए। समारोह में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। इस दौरान नवदंपतियों को आर्थिक सहायता के साथ गृहस्थी शुरू करने के लिए उपहार सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डुमरियागंज के सांसद जगदम्बिका पाल, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, पूर्व शिक्षा मंत्री एवं इटवा के पूर्व विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। जिला प्रशासन की ओर से अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया गया।
यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव होंगे या सुप्रीम कोर्ट जाएगी योगी सरकार? लाखों दावेदारों की धड़कनें बढ़ीं
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में अलग-अलग धर्मों के जोड़ों के विवाह उनकी परंपराओं के अनुसार कराए गए। आयोजन में 303 हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। वहीं, 45 मुस्लिम जोड़ों का मौलानाओं ने निकाह पढ़ाया, जबकि 64 बौद्ध जोड़ों ने बौद्ध धर्मगुरुओं की मौजूदगी में अपनी परंपराओं के अनुसार विवाह किया। इस तरह कुल 412 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। Uttar Pradesh News :
समारोह में सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी में सहायता की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि नवदंपतियों को रोजगार और प्लेसमेंट उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत बेहतर तरीके से कर सकें। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन के अनुसार, योजना के तहत प्रत्येक वधू के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 64,000 रुपये की सहायता राशि भेजी गई। इसके अतिरिक्त प्रत्येक जोड़े को 21,000 रुपये मूल्य की उपहार सामग्री दी गई। इसमें सीलिंग फैन, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, ट्रॉली बैग, गद्दे, कंबल, कपड़े, वैनिटी किट और सूखे मेवे शामिल थे। इसके अलावा प्रति जोड़ा 15,000 रुपये भोजन और आयोजन की व्यवस्था पर खर्च किए गए।
समारोह के दौरान बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, डॉ. सतीश द्विवेदी और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने नवविवाहित जोड़ों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, एएसपी प्रशांत कुमार, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह संपन्न कराए जाने के साथ नवदंपतियों को आर्थिक सहायता और जरूरी घरेलू सामान उपलब्ध कराया गया। Uttar Pradesh News :
विज्ञापन