मथुरा में शादी कराने के नाम पर 1.15 लाख रुपये लेने के बाद युवती के फरार होने का मामला सामने आया। सुरीर पुलिस ने युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में शादी कराने के नाम पर एक परिवार से 1.15 लाख रुपये लेने और शादी के बाद कथित दुल्हन के अपने साथियों के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। सुरीर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 45,010 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। UP News:
क्षेत्राधिकारी मांट अमर नाथ यादव के अनुसार, सुरीर थाना क्षेत्र के नगला जयसिंह निवासी चंद्रभान ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनके बेटे की शादी कराने के नाम पर आरोपियों ने उनसे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए थे। पुलिस के मुताबिक, रुपये लेने के बाद चंद्रभान के बेटे को अलीगढ़ स्थित पनेठी देवी मंदिर ले जाया गया। वहां एक युवती के साथ उसकी शादी कराई गई। शादी के बाद युवती को परिवार के साथ गांव भेज दिया गया।
शिकायत के अनुसार, गांव पहुंचने के कुछ समय बाद युवती अपने कथित साथियों इरफान और सुंदर के साथ फरार हो गई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने सुरीर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को खायरा चौकी क्षेत्र में खंडहर खायरा कोठी के पास पेड़ के नीचे से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदर, इरफान और युवती काजल उर्फ रूबीना के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सुंदर के पास से 15,500 रुपये और एक रियलमी मोबाइल फोन, इरफान से 22,010 रुपये और एक रियलमी मोबाइल फोन तथा काजल उर्फ रूबीना के कब्जे से 7,500 रुपये और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया।
क्षेत्राधिकारी मांट ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। UP News:
विज्ञापन