मथुरा में आगामी ईद, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। गोविंदनगर थाने में पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

मथुरा। आगामी ईद, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मथुरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर मंगलवार देर रात गोविंदनगर थाने में पुलिसकर्मियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष अजय वर्मा ने की। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस ड्यूटी की तैयारियों और थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया। UP News
थानाध्यक्ष अजय वर्मा ने पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। पुलिसकर्मियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आमजन के साथ बेहतर व्यवहार करते हुए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। UP News
बैठक के दौरान पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं को भी सुना गया। जवानों ने वेतन, बीमा, स्वास्थ्य सुविधाओं, सेवा संबंधी मामलों और ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक परेशानियों से अधिकारियों को अवगत कराया। थानाध्यक्ष ने कहा कि थाना स्तर पर समाधान योग्य समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा। वहीं, उच्च स्तर से संबंधित मामलों को अधिकारियों के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
मथुरा पुलिस का कहना है कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। प्रमुख स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।UP News
विज्ञापन