बांदा मेडिकल कॉलेज में नवजात शिशु का शव कुत्तों द्वारा उठा ले जाने की घटना ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के बांदा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में नवजात शिशु का शव कुत्तों द्वारा उठा ले जाने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार को बांदा पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए योगी सरकार और स्वास्थ्य विभाग को घेरा। साथ ही परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। मीडिया से बातचीत में श्याम लाल पाल ने कहा कि जिस अस्पताल में मरीजों की जान बचाने की जिम्मेदारी होती है, वहां एक नवजात का शव भी सुरक्षित नहीं रह सका। उनके मुताबिक, अस्पताल में रखे नवजात के शव को कुत्ते उठाकर बाहर ले गए। उन्होंने इसे सामान्य घटना के बजाय अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही बताया। सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थान में शव की सुरक्षा नहीं हो पा रही है तो प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सामने सवर्ण वोटबैंक की चुनौती, UGC विवाद से कैसे निपटेगी पार्टी ?
बांदा में 300 बेड के अस्पताल के संचालन और उसे निजी हाथों में सौंपे जाने की चर्चाओं पर भी श्याम लाल पाल ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को निजी हाथों में देना आम जनता के हितों के खिलाफ है। इससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए इलाज कराना मुश्किल हो सकता है। UP News :
श्याम लाल पाल नरैनी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने भी पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया कि समाजवादी पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटी है। बांदा मेडिकल कॉलेज की घटना को लेकर सपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। UP News :
विज्ञापन