मेरठ के केसरगंज मंडी में मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद पुलिस अलर्ट है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ाई गई है।

UP News : उत्तर प्रदेश के मेरठ में केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद को लेकर माहौल संवेदनशील हो गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में हिंदू संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी की ओर से मंगलवार को मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ करने का ऐलान किए जाने के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। एहतियात के तौर पर मस्जिद और उसके आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। मामले की शुरुआत सोशल मीडिया पर वायरल हुए उस वीडियो से हुई, जिसमें पिंकी चौधरी मंगलवार को मेरठ पहुंचकर केसरगंज मस्जिद के पास हनुमान चालीसा पाठ करने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सामग्री और इलाके की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है, ताकि किसी अफवाह या विवाद की स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
मस्जिद के मुतवल्ली जुबैर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचे और मामले में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, केसरगंज मंडी स्थित मस्जिद की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था। स्थानीय व्यापारियों की शिकायत के बाद लगभग एक महीने पहले इस निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया था। इसी निर्माण से जुड़े घटनाक्रम के बीच अब हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान का वीडियो सामने आया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम को कानून-व्यवस्था के नजरिए से देख रही है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के अनुसार मस्जिद के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और इलाके में गश्त बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और अपुष्ट सूचनाओं तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद अब पुलिस की निगाह मंगलवार की गतिविधियों पर है। प्रशासन का जोर किसी भी संभावित टकराव को रोकने और सामान्य स्थिति बनाए रखने पर है। क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है तथा सोशल मीडिया गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है। ऐसे में मेरठ के केसरगंज मंडी इलाके में मंगलवार का दिन पुलिस-प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। फिलहाल अधिकारियों की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी उकसावे या अफवाह से बचने की अपील की गई है। UP News :
विज्ञापन