Meerut News : मेरठ में कांवड़ पर थूकने के बाद भारी बवाल, पुलिस ने दोबारा हरिद्वार भेजा
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:53 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 01:53 AM
Meerut : मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के हाइवे चौकी के पास हरिद्वार से राजस्थान जा रही विशाल कावड़ के ऊपर दो युवकों ने थूक दिया। कावड़ियों ने एक युवक को धर दबोचा। जबकि दूसरा भाग निकला। थूकने वाले युवक की जमकर पिटाई की। युवक की पहचान संप्रदाय विशेष के युवक के रूप में हुई है। गुस्साए कांवड़ियों ने हाइवे पुलिस चौकी में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर एसएसपी, एसपी ट्रैफिक और डीएम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और कावड़ियों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया। लेकिन, वे सुनने को तैयार नहीं थे। बाद में जैसे तैसे उन्हें समझाया गया।
राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव सीकरी निवासी हनी मुखीजा, दिशांत, लोकेश, कपिल, धीरज, कपिल सचदेवा और जतिन आदि कावड़ियों ने बताया कि वह पिछले 2 महीने से विशाल कांवड़ को हरिद्वार से लाने की तैयारी कर रहे थे। 21 जुलाई की शाम को राजस्थान के 40 कांवड़ियों का जत्था विशाल व मनमोहक शिव परिवार विराजमान कांवड़ को लेकर राजस्थान के लिए चला। राजस्थान के इन कावड़ियों ने बताया कि कंकरखेड़ा हाइवे 58 पर हाइवे चौकी के नजदीक पहुंचते ही दो युवक डिवाइडर कूदकर आए और उनकी कांवड़ पर तीन चार जगह थूक दिया। इतना देख कांवड़ियों ने युवकों को घेरा, जिसमें एक युवक को पकड़ लिया। जबकि दूसरा भाग निकला। कांवड़ियों ने पकड़ में आए युवक की जमकर धुनाई की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को भीड़ से छुड़ाकर अपने साथ ले गई।
इसके बाद भीड़ ने नारेबाजी करते हुए चौकी में तोड़फोड़ कर दी। सूचना पर पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए। डीएम, एसएसपी समेत आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों को शांत करने का प्रयास किया। कांवड़िये रास्ते में ही विशाल कांवड़ को खड़ी कर नारेबाजी करने लगे। इस बीच, भाजपा के एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और अन्य भाजपा नेताओं ने गुसाए कांवड़ियों को किसी तरह समझा कर शांत किया।
डीएम दीपक मीणा और एसएसपी रोहित सिंह सजवान से वार्ता के बाद तय हुआ कि जो कांवड़ खंडित हुई है, उस कांवड़ से जुड़े चार कांवड़ियों को लेकर पुलिस हरिद्वार जाएगी। जहां से पवित्र गंगाजल लेकर वापस कंकरखेड़ा आएंगे। उस गंगाजल को विशाल कांवड़ में रखकर राजस्थान के लिए प्रस्थान करेंगे। वार्ता के बाद कप्तान ने कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सक्सेना को निर्देश दिया कि वे दो पुलिसकर्मियों के साथ गाड़ी से पीड़ित कांवड़ियों को लेकर हरिद्वार भेजें। कांवड़िये हरिद्वार के लिए रवाना हो चुके हैं।