टीपीनगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार करने पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची और जलती चिता से शव निकलवाकर कब्जे में ले लिया।

UP News : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टीपीनगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार करने पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम श्मशान घाट पहुंची और जलती चिता से शव निकलवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले में मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। UP News
पुलिस के अनुसार नई बस्ती निवासी सुरेश उर्फ टीटू मजदूरी करता है। रविवार रात उसकी 45 वर्षीय पत्नी विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल और बाद में दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। महिला की मौत के बाद शव को घर लाया गया और बिना पुलिस को सूचना दिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई। परिजन शव लेकर श्मशान घाट पहुंच गए, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। UP News
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने यूपी-112 पर सूचना दी कि महिला की हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से जल्दबाजी में अंतिम संस्कार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीपीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक शव को चिता पर रखकर अग्नि दी जा चुकी थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जलती चिता से शव निकलवाया और कब्जे में ले लिया। इस दौरान परिजनों ने विरोध भी किया, जिससे मौके पर कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान महिला की गर्दन पर गंभीर चोट मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी। UP News
पुलिस पूछताछ में आरोपी पति सुरेश ने बताया कि घर से चांदी के कुछ जेवर नहीं मिल रहे थे। इसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। उसने स्वीकार किया कि गुस्से में पत्नी को थप्पड़ मारा और धक्का दिया। आरोपी के मुताबिक धक्का लगने से विमलेश ड्रेसिंग टेबल पर गिर गईं। इस दौरान शीशा टूट गया और उसका एक टुकड़ा उनकी गर्दन में लग गया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोपी का कहना है कि उसका हत्या करने का इरादा नहीं था। पुलिस ने उसके बयान को रिकॉर्ड कर लिया है। UP News
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस को महिला की हत्या और साक्ष्य मिटाने के प्रयास की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को जलती चिता से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फॉरेंसिक जांच के बाद पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी। इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। UP News
विज्ञापन