उत्तर प्रदेश में कूड़ा डालने के मामूली विवाद बना मौत का मंजर
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:01 AM
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में मंगलवार सुबह कूड़ा डालने को लेकर एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में किशोरी चंद्रप्रभा की हालत नाजुक थी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, अन्य चार घायलों की हालत भी गंभीर बनी हुई है, जिन्हें दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है। UP News
उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, यह विवाद हरिहर नामक व्यक्ति की जमीन पर कूड़ा डालने को लेकर हुआ था। तारा नामक व्यक्ति से हरिहर के परिवार का विवाद बढ़ा और इसके बाद तारा, विजय बहादुर, जोगेंद्र, वित्तन, सतेंद्र, रामदयाल और महिला प्रीती ने लाठी-डंडों और बल्लम से हमला कर दिया। इस हमले में किशोरी चंद्रप्रभा गंभीर रूप से घायल हो गई, और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और गांव में शांति बनाए रखी जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।