UP News: दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल मियाजाकी आम (Miyazaki Mango) को लेकर सहारनपुर के किसान संदीप चौधरी इन दिनों चर्चा में हैं।

आम की कीमत आपने कुछ रुपये से लेकर कुछ सौ रुपये किलो तक जरूर सुनी होगी लेकिन क्या आपने कभी एक किलो आम की कीमत लाखों में सुनी है? उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में उगाए गए एक खास आम ने न सिर्फ अपनी कीमत से लोगों को हैरान कर दिया बल्कि इसके पीछे छिपी एक भावुक कहानी ने भी हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल मियाजाकी आम (Miyazaki Mango) को लेकर सहारनपुर के किसान संदीप चौधरी इन दिनों चर्चा में हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और ऑर्गेनिक खेती से ऐसा आम तैयार किया जिसकी कीमत लाखों रुपये तक पहुंच गई लेकिन इस महंगे सौदे में सबसे खास बात आम की कीमत नहीं बल्कि उस किसान का दिल है जिसने सिर्फ एक वजह से लाखों रुपये का फायदा छोड़ दिया।
सहारनपुर जिले के ग्राम थरोली निवासी किसान संदीप चौधरी ने करीब तीन साल की मेहनत के बाद मियाजाकी आम की खेती में सफलता हासिल की। उनके बाग में उगे इस खास आम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी मांग बताई जाती है। गुजरात के सूरत से व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने संदीप चौधरी से केवल 4 आम खरीदने की इच्छा जताई। इन चार आमों का कुल वजन करीब 1 किलोग्राम था। मियाजाकी आम की खासियत और कीमत को देखते हुए दोनों के बीच इसकी कीमत 3.5 लाख रुपये तय की गई लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने इस सौदे को सिर्फ एक व्यापारिक डील नहीं रहने दिया बल्कि चर्चा का विषय बना दिया।
व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने किसान संदीप चौधरी को बताया कि वह ये खास आम अपनी मां को समर्पित करने के लिए खरीद रहे हैं। जैसे ही किसान संदीप को इस बात की जानकारी मिली उन्होंने बिना देर किए इस सौदे में 1.39 लाख रुपये की छूट देने का फैसला कर लिया। इसके बाद 3.5 लाख रुपये में तय हुआ सौदा घटकर 2.11 लाख रुपये में पूरा हुआ।
संदीप चौधरी का यह फैसला अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने बताया कि आम की कीमत अपनी जगह है लेकिन मां के प्रति सम्मान और भावनाएं उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। इसी के चलते उन्होंने व्यापारी को इतनी बड़ी छूट देने का फैसला किया। इस अनोखे सौदे के तहत व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने किसान को 1.11 लाख रुपये का ऑनलाइन एडवांस भुगतान कर दिया है। बाकी बचे 1 लाख रुपये आम की डिलीवरी के समय दिए जाएंगे। संदीप चौधरी खुद 1 अगस्त को गुजरात जाकर ये खास आम व्यापारी को सौंपेंगे। इतना ही नहीं किसान ने अपनी कमाई का एक हिस्सा समाज सेवा में लगाने का भी फैसला किया है। उन्होंने घोषणा की है कि इस बिक्री से होने वाली कुल आय का 10 फीसदी हिस्सा गरीबों और जरूरतमंदों की मदद में खर्च करेंगे।
किसान ने बताया कि जब उन्होंने तीन साल पहले मियाजाकी आम के पौधे लगाए थे तब कई लोग उनका मजाक उड़ाते थे। लोगों को विश्वास नहीं था कि आम जैसी फसल लाखों रुपये की कीमत तक पहुंच सकती है लेकिन अपनी मेहनत, धैर्य और ऑर्गेनिक खेती के दम पर उन्होंने यह साबित कर दिया। आज उनके पास मियाजाकी आम के करीब 40 पेड़ हैं और वह दूसरे किसानों को भी पारंपरिक खेती के साथ-साथ हाई वैल्यू और ऑर्गेनिक फसलों की ओर बढ़ने की सलाह देते हैं।
मियाजाकी आम जापान की प्रसिद्ध आम किस्मों में से एक माना जाता है। इसकी खास बनावट, रंग, स्वाद और गुणवत्ता इसे आम की दूसरी किस्मों से अलग बनाती है। इस आम का गूदा बेहद मुलायम और रसदार होता है। इसमें कई पोषक तत्व, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं जो इसे खास बनाते हैं। यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी मांग काफी अधिक रहती है और इसकी कीमत आम की सामान्य किस्मों से कई गुना ज्यादा पहुंच जाती है।
विज्ञापन