UP News: पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार एक युवक कथित तौर पर लाइन के बीच में अपनी बाइक लेकर घुस आया

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पेट्रोल पंप पर लाइन में आगे निकलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मझोला थाना क्षेत्र के बिस्मिल्लाह (HP) पेट्रोल पंप पर एक युवक ने लाइन में खड़े दूसरे युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने बाइक की चाबी से उसकी आंख और चेहरे पर वार किया। इस दौरान आरोपी के साथ मौजूद महिला पर भी उसके साथ मारपीट और नाखून से चोट पहुंचाने का आरोप है। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित के मुताबिक, वह पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार एक युवक कथित तौर पर लाइन के बीच में अपनी बाइक लेकर घुस आया। जब उसने इसका विरोध करते हुए उसे लाइन में अपनी बारी का इंतजार करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला देखते ही देखते बढ़ गया।
पीड़ित का आरोप है कि कहासुनी के बाद आरोपी युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने बाइक की चाबी निकाली और अदनान के चेहरे और आंख के पास वार करने लगा। अचानक हुई मारपीट से पेट्रोल पंप परिसर में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की। पीड़ित के मुताबिक, हमले में उसे चेहरे और आंख के आसपास चोटें आई हैं।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी युवक के साथ मौजूद महिला ने भी उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक, महिला ने उसका गिरेबान पकड़ लिया और चेहरे तथा गर्दन पर नाखून से खरोंच मारी। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में मारपीट की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। वीडियो में पेट्रोल पंप परिसर में विवाद और मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस इसी CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी थी। उसका आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंचने में देर से आई। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। मझोला थाना पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है और घटना में शामिल युवक और महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, CCTV फुटेज और सामने आए अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन