वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, हालांकि इलाके में अभी भी तेंदुओं की दहशत बनी हुई है।

मुरादाबाद जिले के रामू वाला शेखू गांव में वन विभाग की टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है। वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद हो गया। तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, हालांकि इलाके में अभी भी तेंदुओं की दहशत बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो सप्ताह में वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में पांच तेंदुओं को पिंजरे में कैद किया है। लगातार तेंदुओं की मौजूदगी सामने आने के बाद वन विभाग ने इलाके में रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए जाने के साथ ही टीमों द्वारा जंगल और खेतों के आसपास लगातार निगरानी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुओं की लगातार मौजूदगी के कारण लोगों में डर का माहौल है। खासकर खेतों और जंगल के आसपास जाने वाले ग्रामीणों को तेंदुए के हमले की आशंका बनी रहती है। वन विभाग की कार्रवाई के बावजूद ग्रामीण पूरी तरह निश्चिंत नहीं हो पा रहे हैं। गौरतलब है कि 3 अगस्त को तेंदुए के हमले में महिला संतोष देवी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई थी। इसके अलावा तेंदुओं के अलग-अलग हमलों में अब तक छह लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
फिलहाल वन विभाग की टीमें पूरे क्षेत्र में निगरानी और रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। एक और तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन इलाके में तेंदुओं की लगातार मौजूदगी को देखते हुए लोगों की चिंता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
विज्ञापन