UP News; घटना के समय घर के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिली।

UP News; उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के महसी तहसील अंतर्गत बोडी थाना क्षेत्र के ऊंच गांव में एक हृदयविदारक हादसे में मां और बेटी की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस अपनी कार्यवाही में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय गुड्डी अपनी बेटी प्रिया के साथ घर में फर्राटा पंखे के पास लेटी थीं। अचानक पंखा असंतुलित होकर बेटी के ऊपर गिर पड़ा। पंखे में करंट उतरने से प्रिया उसकी चपेट में आ गई। बेटी की चीख सुनकर मां गुड्डी उसे बचाने दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। देखते ही देखते दोनों बेहोश हो गईं।
घटना के समय घर के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। काफी देर तक किसी को घटना की जानकारी नहीं मिली। बाद में पड़ोसियों ने दोनों को अचेत अवस्था में देखा और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर बोडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
विज्ञापन