उत्तर प्रदेश के चंदौली में अवैध शराब की तस्करी को लेकर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की है। इस दौरान दो महिलाओं समेत तीन लोग पुलिस के हत्थे चढ़े। आखिर आरोपियों के पास से क्या-क्या मिला और किस तरह पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया। पढ़े पूरी खबर।

UP News:उत्तर प्रदेश के चंदौली में शराब तस्करी का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी सतर्क कर दिया। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग और गश्त के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 34 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। बरामद शराब 170 टेट्रा पैक में रखी हुई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुगलसराय पुलिस ने दो जगह की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में बुधवार सुबह सुभाष पार्क के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पुरुष और महिला अवैध देशी शराब लेकर मुगलसराय रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और फायर सर्विस के सामने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र के बलथुआ निवासी मोहन पासवान (40) और उसकी पत्नी मीरा देवी (35) के रूप में की है। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से ब्लू लाइम और विंडिज ब्रांड की कुल 19 लीटर अवैध देशी शराब बरामद हुई।
यह भी पढ़े: उत्तर प्रदेश में त्योहारों से पहले सरकार का फरमान, अधिकारियों को मिले सख्त आदेश
शराब तस्करी के खिलाफ दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने परमार कटरा के पास रात्रि गश्त के दौरान एक संदिग्ध महिला को रोका। महिला अपने सिर पर गठरी लेकर जा रही थी। पुलिस ने गठरी की तलाशी ली तो उसमें 75 टेट्रा पैक में रखी 15 लीटर ब्लू लाइम देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान बिहार के रोहतास जिले के डालमियानगर निवासी सुनीता देवी (45) के रूप में हुई है।
मुगलसराय पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 34 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई है। इसमें 19 लीटर शराब पहली कार्रवाई में और 15 लीटर शराब दूसरी कार्रवाई में मिली। पुलिस के मुताबिक, कुल बरामद शराब 170 टेट्रा पैक में रखी गई थी।
पुलिस ने दोनों मामलों में मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा संख्या 580/2026 और 581/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र पांडेय, चौकी प्रभारी सतीश प्रकाश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन