
UP News: उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित विधायक मदन भैया शनिवार को किसानों की राजधानी सिसौली पहुंचे और भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत से आशीर्वाद प्राप्त किया। आपको बता दें कि विधानसभा उप चुनाव जितने के बाद मदन भैयार पहली बार सिसौली पहुंचे थे।
सिसौली पहुंचने पर मदन भैया ने सबसे पहले भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों नेताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत पर हर्ष व्यक्त किया। इस दौरान मदन भैया ने कहा कि उनके द्वारा किसान हित में कार्य किए जाएंगे। उन्होंने नरेश टिकैत को भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्याओं को विधानसभा में उठाने का काम किया जाएगा।
आपको बता दें कि रालोद-सपा गठबंधन के टिकट पर खतौली से चुनाव जीते मदन भैया आज पहले से तय कार्यक्रम के तहत खतौली की जनता का धन्यवाद देने जा रहे थे। लेकिन भंगेला टोल पर उनके काफिले को पुलिस ने रोक दिया। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में धारा-144 लागू है। इसलिए मदन भैया को भीड़ के साथ नहीं जाने दिया जाएगा। मदन भैया को टोल पर रोके जाने की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक भंगेला टोल पर पहुंचे गये और जिला प्रशासन की कार्रवाही का विरोध करने लगे। विधायक के काफिले को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल टोल के पास तैनात था।
खतौली में पुलिस ने रोका तो विधायक मदन भैया जंगल के रास्ते सिसौली पहुंच गए। यहां विधायक मदन भैया ने चौधरी नरेश टिकैत को लड्डू खिलाया, जिस पर समर्थकों ने खुशी जाहिर की।