Namo Bharat Entry Exit Gate Closed: कांवड़ यात्रा को देखते हुए RRTS ने नमो भारत के 17 स्टेशनों पर कुछ एंट्री-एग्जिट गेट अस्थायी रूप से बंद किए हैं। जानें कौन-कौन से स्टेशन प्रभावित होंगे।

नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक चलने वाली नमो भारत RRTS ट्रेन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए RRTS ने कई स्टेशनों के कुछ एंट्री और एग्जिट गेट अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला लिया है। यह नई व्यवस्था 4 अगस्त से 12 अगस्त तक लागू रहेगी। हालांकि यात्रियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि स्टेशनों के अन्य प्रवेश और निकास द्वार खुले रहेंगे। ट्रेन सेवा पहले की तरह नियमित रूप से चलती रहेगी।
RRTS अधिकारियों के अनुसार, सावन महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर निकलते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नमो भारत स्टेशनों पर कुछ गेट बंद करने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान बंद किए गए गेट की तरफ मौजूद पार्किंग सुविधा भी अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं रहेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पहुंचने से पहले खुले हुए प्रवेश और निकास द्वार की जानकारी जरूर देख लें।
RRTS की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग स्टेशनों पर कुछ गेट बंद किए जाएंगे। बेगमपुल स्टेशन पर गेट नंबर 2 और 3 बंद रहेंगे। वहीं दुहाई स्टेशन पर गेट नंबर 3 और 4 से प्रवेश और निकास नहीं किया जा सकेगा। गाजियाबाद स्टेशन पर गेट नंबर 3 और 5 अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इसके अलावा कई स्टेशनों पर गेट नंबर 2 बंद रखा जाएगा।
मोदीपुरम, मेरठ नॉर्थ, एमईएस कॉलोनी, भैसाली, मेरठ सेंट्रल, ब्रह्मपुरी, शताब्दी नगर, रिठानी, परतापुर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नॉर्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर और गुलधर।
गेट व्यवस्था में बदलाव के बावजूद नमो भारत ट्रेन के संचालन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली के सराय काले खां से मोदीपुरम तक ट्रेन सेवा पहले की तरह जारी रहेगी। यात्रियों को स्टेशन पर पहुंचने के लिए खुले हुए गेट का इस्तेमाल करना होगा। RRTS ने यात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए पहले से जानकारी रखें।
जिन प्रवेश द्वारों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है वहां मौजूद पार्किंग सुविधा भी बंद रहेगी। ऐसे में वाहन लेकर आने वाले यात्रियों को दूसरे खुले हुए गेट के पास पार्किंग सुविधा का इस्तेमाल करना होगा। RRTS की यह व्यवस्था केवल कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा कारणों से की गई है।
बता दें कि नमो भारत RRTS ट्रेन सेवा रोजाना सुबह 6 बजे से शुरू होती है और रात करीब 10 बजे तक चलती है। यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों दिशाओं में ट्रेन लगभग हर 8 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहती है। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत सेवा शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में यात्री इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा और बेहतर संचालन के लिए समय-समय पर जरूरी बदलाव किए जाते हैं।
विज्ञापन