वाराणसी में 24, 25 और 26 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब डेढ़ घंटे तक चलने वाले इस भव्य एयर शो में राफेल, सुखोई, तेजस और मिग समेत करीब 90 फाइटर जेट्स के करतब देखने को मिलने की बात कही जा रही है।

UP News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी के घाट जल्द ही एक ऐसे नजारे के गवाह बनने जा रहे हैं, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग घाटों पर जुट सकते हैं। नमो घाट समेत काशी के विभिन्न घाटों के ऊपर प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बताया जा रहा है कि 24, 25 और 26 अक्टूबर को होने वाले इस एयर शो में करीब 90 फाइटर जेट आसमान में अपना दमखम दिखाएंगे। राफेल, सुखोई, तेजस और मिग जैसे लड़ाकू विमानों के करतब काशी के आसमान में दिखाई देने की बात कही जा रही है। विमानों के प्रयागराज और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरकर वाराणसी पहुंचने की योजना है। गंगा के घाटों से इस रोमांचक एयर शो का नजारा देखने के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं।
प्रस्तावित एयर शो करीब डेढ़ घंटे तक चलने की बात कही जा रही है। इस दौरान अलग-अलग लड़ाकू विमान आसमान में अपनी क्षमता और करतब का प्रदर्शन करेंगे। नमो घाट के साथ ही आसपास के कई घाटों से लोगों को एयर शो देखने का मौका मिलेगा। एयर शो में राफेल, सुखोई, तेजस और मिग समेत करीब 90 फाइटर जेट के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। विमानों के अलग-अलग स्थानों से उड़ान भरकर काशी के ऊपर पहुंचने की योजना है। इससे गंगा के घाटों पर मौजूद दर्शकों को आसमान में रोमांचक नजारे देखने को मिल सकते हैं। एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। घाटों पर वॉच टावर बनाए जाएंगे और निगरानी के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती होगी। प्रत्येक घाट पर बनाए जाने वाले वॉच टावरों से स्नाइपर और दूरबीन से निगरानी करने वाली फोर्स नजर रखेगी। एटीएस कमांडो की दो टीमें छह अलग-अलग स्थानों पर तैनात किए जाने की योजना है। घाटों पर मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर भी लगाए जाएंगे। एयर शो के दौरान गंगा में नाव और क्रूज का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। जल क्षेत्र में एनडीआरएफ, जल पुलिस और एटीएस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग करेंगी। UP News:
एयर शो के दौरान शहर में भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए करीब 50 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा दर्शकों की मदद के लिए अस्थायी पुलिस हेल्प डेस्क भी बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक घाटों पर सफाई, समतलीकरण और बैरिकेडिंग का काम कराया जा रहा है। प्रशासन की कोशिश है कि कार्यक्रम से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। गंगा का जलस्तर भी लगातार कम होने की बात कही गई है, जिससे तैयारियों को आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक एयर शो का बेहतर दृश्य डोमरी क्षेत्र से दिखाई दे सकता है। इसे देखते हुए यहां विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। ट्रैफिक, फायर, स्वास्थ्य, रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ समेत कई विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं।
25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, सीडीएस और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई गई है। रिटायर्ड सेना प्रमुखों को भी आमंत्रित किए जाने की जानकारी है। वीआईपी के लिए अलग दर्शक दीर्घा तैयार की जाएगी।
भीड़ और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों में करीब 200 बेड आरक्षित रखने की योजना है, जबकि अलग-अलग स्थानों पर 38 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। UP News:
विज्ञापन