
Saharanpur News : देवबंद के थीतकी गांव में पुलिस छापामारी के दौरान गोली लगने से हुई जीशान की मौत के मामला अब राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (National Minorities Commission) में भी जा पहुंचा है। इस मामले में भारत सरकार के अवर सचिव राशिद सईद ने जिलाधिकारी (saharanpur DM) से जांच कर 21 दिन में इसकी रिपोर्ट तथ्तों सहित आयोग को प्रेषित करने को कहा है। एक माह पूर्व गोकशी की सूचना पर थीतकी गांव पहुंच पुलिस ने छापामारी की थी। इस दौरान गोली लगने से जीशान की मौत हो गई थी। पुलिस का कहना था कि स्वयं का तमंचा चलने से जीशान हैदर की मौत हुई है। मृतक की पत्नी अफरोज ने पुलिस के आलाधिकारियों समेत राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (National Minorities Commission) में पुलिस पर पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। मृतक के रिश्तेदार और पूर्व की सपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे सैयद ईसा रजा इस मामले को लखनऊ तक ले गए थे। जिसके बाद से मामले की जांच सहारनपुर क्राइम ब्रांच कर रही है।
शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मिर्जा मोहम्मद मौलाना यासूब अब्बास ने भी इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निष्पक्ष जांच करा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। अब राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। जिसका संज्ञान लेते हुए आयोग के अवर सचिव राशिद सईद ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले में उचित कार्रवाई करने के लिए एसडीएम स्तर की कमेटी बनाकर जांच कराए जाने को कहा है। अब तक की गई कार्रवाई तथ्यों सहित 21 दिन के भीतर आयोग को भेजने को भी कहा गया है।