Nature Disaster: आसमानी बिजली की चपेट में आकर 04 की मौत, 11 झुलसे
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 02:50 AM
Banda: बांदा। यूपी के बांदा जिले में कुदरत का कहर देखने को मिला। यहां बारिश के दौरान आसमानी बिजली की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग बुरी तरह झुलस गए। नरैनी तहसील एसडीएम रावेन्द्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि बारिश के दौरान अलग-अलग जगहों पर आसमानी बिजली की चपेट में आकर 11 लोग झुलस गए, जिनमें चार लोगों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि नरैनी तहसील क्षेत्र के नौगवां गांव में मातादीन (55) अपनी पत्नी बच्ची (52) और बेटी पार्वती (16) के साथ बुधवार की शाम खेत से काम करके घर लौट रहा था, तभी तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश के दौरान धमाके के साथ गिरी बिजली की चपेट में आकर मातादीन की मौत हो गई और उसकी पत्नी और बेटी झुलस गईं। उन्होंने बताया कि तिंदवारी इलाके में रजुवा (36) और भोला (14) की वज्रपात से मौत हो गई। इसी प्रकार बरुआ कालिंजर गांव की रनिया उर्फ रानी (35), बुटुवा (65) व पाथर कछार गांव में विपिन (12) खेत पर काम कर रहे थे और बिजली गिरने से तीनों झुलस गए। रास्ते में रनिया की मौत हो गई।
रावेंद्र सिंह ने बताया कि रगौली भटपुरा गांव में किशोरी (40), संगीता (26) व अर्चना (42) बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।