नवरात्रि से पहले सहारनपुर में VHP और बजरंग दल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मीट की दुकानों को बंद कराने समेत कई मांगें उठाईं। संगठन ने रामलीला में अश्लील गतिविधियों पर रोक और मां शाकंभरी देवी सिद्धपीठ क्षेत्र में कथित आपत्तिजनक गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग की है।

UP News : नवरात्रि पर्व को लेकर सहारनपुर में विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं। संगठन के कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों को बंद कराने, रामलीला आयोजनों में अश्लील गतिविधियों पर रोक लगाने तथा मां शाकंभरी देवी सिद्धपीठ क्षेत्र में कथित आपत्तिजनक गतिविधियों को रोकने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन के सह प्रांत संयोजक हरिश कौशिक ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शुरू होने वाला है। इसी दौरान सहारनपुर में कुलदेवी मां शाकंभरी देवी की यात्रा भी चलती है। ऐसे में धार्मिक भावनाओं और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए।
हरिश कौशिक ने कहा कि संगठन ने प्रशासन से नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों को पूरी तरह बंद कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शासन की ओर से हिंदू मोहल्लों और संबंधित क्षेत्रों में नवरात्रि के दौरान मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन कई बार इनका पालन नहीं होने की शिकायतें सामने आती हैं। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि नवरात्रि के दौरान संबंधित क्षेत्रों में दुकानों की निगरानी की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नवरात्रि के दौरान सहारनपुर के अलग-अलग इलाकों में रामलीला का मंचन भी किया जाएगा। VHP और बजरंग दल ने रामलीला आयोजनों के दौरान होने वाले कथित अश्लील नृत्य और अन्य अश्लील गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है। संगठन का कहना है कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रशासन और आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए।
ज्ञापन में मां शाकंभरी देवी सिद्धपीठ क्षेत्र को लेकर भी संगठन ने अपनी मांग प्रशासन के सामने रखी। हरिश कौशिक के अनुसार, पिछले वर्ष नवरात्रि के दौरान भी इस मुद्दे को उठाया गया था। उन्होंने कहा कि शाकंभरी देवी सिद्धपीठ हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि क्षेत्र में कुछ लोगों की गतिविधियों को लेकर श्रद्धालुओं की ओर से आपत्तियां जताई गई हैं। VHP-बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की कि शाकंभरी क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों को लेकर पहले से निगरानी रखी जाए और जिन लोगों की गतिविधियों से धार्मिक भावनाएं आहत होने की शिकायत है, उन्हें दुकान लगाने की अनुमति न दी जाए। हरिश कौशिक ने कहा कि प्रशासन को नवरात्रि शुरू होने से पहले ही सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। UP News :
संगठन ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों और नवरात्रि आयोजनों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सभी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। हरिश कौशिक ने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की गई तो बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा स्वयं कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, कानून-व्यवस्था से जुड़े किसी भी मामले में कार्रवाई का अधिकार प्रशासन और पुलिस का ही होता है। UP News :
विज्ञापन