उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य ने दी नोएडा प्राधिकरण को बधाई, कारण है खास
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:30 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:30 PM
Noida News : शनिवार का दिन नोएडा प्राधिकरण के लिए बहूत खास दिन बन गया। शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को बधाई देते हुए प्राधिकरण के काम की तारीफ की। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की तारीफ करते हुए उन्हें बधाई दी तथा कहा कि आगे भी जनता के हित में इसी प्रकार से काम करते हैं । मुलाकात के दौरान नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ( CEO ) डॉ लोकेश एम की पूरी टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आश्वस्त किया कि नोएडा को नंबर वन शहर बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे ।
नोएडा को नम्बर वन शहर बनने की दी बधाई
आपको बता दें कि हाल ही में नोएडा शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण के मामले में नंबर वन स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी उपलब्धि के लिए शनिवार को नोएडा प्राधिकरण की पूरी टीम को बधाई दी है। नोएडा शहर के नंबर वन बनने के बाद नोएडा प्राधिकरण के CEO डॉ लोकेश एम नोएडा प्राधिकरण के ACEO संजय कुमार खत्री तथा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के एस पी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में सुपर स्वच्छ लीग में प्रथम स्थान प्राप्त करने की उपलब्धि साझा की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने नोएडा प्राधिकरण की टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए संदेश दिया कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार एवं सम्मान नोएडा प्राधिकरण एवं निवासियों के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने विश्वास प्रकट किया कि नोएडा प्राधिकरण आगे भी स्वच्छता और स्थिरता के प्रतीक के रूप में अपनी पहचान बनाये रखेगा। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र एवं प्रदेश को प्रत्येक क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने हेतु सदैव प्रयत्नशील रहा है तथा आगे भी रहेगा। नोएडा प्राधिकरण के CEO डॉक्टर लोकेश एम नोएडा को नंबर वन स्थान दिलाने का श्रेय पहले ही नोएडा शहर के नागरिकों तथा नोएडा प्राधिकरण के सफाईकर्मियों को दे चुके हैं। नोएडा प्राधिकरण को स्वच्छता में मिला नंबर वन पुरस्कार चर्चा का विषय बना हुआ है।
मिला सुपर स्वच्छ लीग सिटीज का पुरस्कार
आपको बता दें कि, बृहस्पतिवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम तथा एसीईओ संजय खत्री को सुपर स्वच्छ लीग सिटीज का पुरस्कार प्रदान किया। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) संजय खत्री ने राष्ट्रपति के हाथों से मोमेंटो तथा प्रमाण-पत्र ग्रहण किया। नोएडा प्राधिकरण को यह पुरस्कार 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की कैटेगरी में दिया गया है। इस कैटेगरी में पहले नम्बर पर नोएडा तथा दूसरे नम्बर पर यह पुरस्कार चंडीगढ़ शहर को दिया गया है।
शहरवासियों तथा सफाईकर्मियों को दी गई बधाई
नोएडा शहर को मिली इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को सेक्टर-18 स्थित रेडिशन ब्लू होटल में सेलिब्रेशन सेरेमनी आयोजित की गई। इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने इस उपलब्धि पर नोएडा शहर के वासियों तथा सफाईकर्मियों को बधाई दी। सीईओ ने सफाईकर्मियों के नेता बबलू पार्चा समेत कई सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने कहा कि कड़ी मेहनत और आपसी सहयोग के कारण ही नोएडा को प्रथम स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि हमने हर क्षेत्र में कार्य किया। पॉलीबैग के खिलाफ अभियान चलाया, सीवर व नालों की सफाई पर जोर दिया। कूड़ा निस्तारण के लिए डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन की मुहिम चलाई, गीले व सूखे कूड़े को अलग-अलग करके निस्तारित किया गया। इसी का नतीजा है कि आज स्वच्छता सुपर लीग में नोएडा को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है और हमने इस कैटेगरी में चंडीगढ़ शहर को पछाड़ दिया है। नोएडा के CEO ने कहा कि इस रैंक को बरकरार रखने के लिए हमें और कड़ी मेहनत करनी होगी तथा हर शहरवासी को सफाई के प्रति जागरूक रहना होगा।
इस अवसर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) संजय खत्री, एसीईओ वंदना त्रिपाठी, ओएसडी महेन्द्र प्रसाद, ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक एसपी सिंह, खण्ड-1 के वरिष्ठ प्रबंधक गौरव बंसल, खण्ड-2 के वरिष्ठ प्रबंधक आर.के. शर्मा, महाप्रबंधक अशोक कुमार अरोड़ा, ओएसडी क्रांति शेखर, नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष चौ. राजकुमार सहित नोएडा प्राधिकरण के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
मिला श्रेष्ठ सफाई का फल
बता दें कि वर्ष-2018 में स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा का रैंक 327, तथा 2019 में 150 थी। लेकिन इसके बाद नोएडा की श्रेष्ठ सफाई व्यवस्था के चलते काफी बदलाव आया। वर्ष-2020 के स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा देश में 25वें स्थान पर तथा उत्तर प्रदेश में 1 नंबर पर रहा। वर्ष-2021 के सर्वेक्षण में नोएडा देश में अपनी श्रेणी में चौथे नंबर पर तथा प्रदेश में पहले नंबर पर रहा। वर्ष-2022 में फिर 2021 का रैंक बरकरार रहा। वर्ष-2023 के सर्वेक्षण में प्रदेश में नंबर-1 रैंक में रहा। वहीं राष्ट्रीय रैंक में नोएडा 11वें स्थान से गिरकर 14वें स्थान पर पहुंच गया।