NOIDA SAMACHAR: माल लेकर हड़प लिये 19 लाख, पति-पत्नी गिरफ्तार
NOIDA SAMACHAR
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 11:00 PM
NOIDA SAMACHAR: नोएडा। माल लेकर एक कंपनी के प्रोपराइटर ने 19 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया और उसे हड़प गए। इस बाबत सेक्टर-58 थाने में लिखायी गयी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने कंपनी की प्रोपराइटर शिखा गुप्ता उर्फ शिखा श्रेया सिंह और विशाल गुप्ता को गिरफ्तार किया है। शिखा व विशाल दोनों पति-पत्नी हैं और मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं।
NOIDA SAMACHAR
इस बाबत वादी ने पुलिस में रिपोर्ट लिखवायी कि वह PEARL APPARELS INC के नाम से रेडीमेड गारमेंट का व्यापार ए-61, सेक्टर-57 नोएडा से करता है। इस दौरान उसकी मुलाकात अपने व्यापारिक अनुक्रम में शिखा गुप्ता प्रोपराइटर आनंदी फैसन जी-108, सेक्टर-63 नोएडा से हुई। शिखा गुप्ता और उसके पति विशाल गुप्ता द्वारा वादी को बताया गया कि उसके पास रेडीमेड गारमेंट के बहुत सारे विदेशी और भारत में विभिन्न जगहों पर खरीददार हैं तथा उनकी एक बहुत बड़ी कंपनी है जिसको वह अपने पति विशाल गुप्ता के साथ मिलकर सेक्टर-63 से संचालित करती है।
शिखा गुप्ता और उसके पति विशाल गुप्ता द्वारा वादी को विश्वास दिलाया गया कि अगर वादी उनके साथ व्यापार करता है तो उन्हें वह बहुत सारे विदेशी खरीदारों से आर्डर दिला सकते हैं। इस पर विश्वास कर 10 अप्रैल 2019 को शिखा गुप्ता और विशाल गुप्ता द्वारा वादी की कपनी को एक परचेज ऑर्डर एफ/014/2019 रेडीमेड गारमेट की एक शिपमेंट इटली भेजने के लिए भेजा गया जिसकी कुल कीमत लगभग 19 लाख रुपए थी।
शिखा गुप्ता और पति विशाल गुप्ता द्वारा बताया गया कि जैसे ही वादी की कंपनी द्वारा माल की डिलीवरी की जाएगी उस माल का तुरंत पैसा अदा कर दिया जाएगा। वादी ने शिखा गुप्ता और उसके पति विशाल गुप्ता पर विश्वास करते हुए पहली शिपमेंट 22.01.2020 को और दूसरी शिपमेंट 07.02.2020 को इटली भेज दिया। पूरी शिपमेंट की डिलीवरी करने के पश्चात जब वादी द्वारा पैसों की मांग की गई तो हर बार शिखा गुप्ता और विशाल गुप्ता द्वारा टाल दिया गया और कोई न कोई बहाना बना दिया गया।
वादी को कुछ विश्वस्त माध्यम से पता चला कि शिखा गुप्ता को बायर के द्वारा उपरोक्त शिपमेंट का भुगतान कर दिया गया है, शिखा गुप्ता और उसके पति विशाल गुप्ता द्वारा पूरी रकम हड़प कर ली गई है। पैसे मांगने पर प्रार्थी को जान से मारने व फर्जी मकदमे में फंसाने की धमकी दी गयी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने शिखा व विशाल को उनके स्थानीय घर सेक्टर-31 से गिरफ्तार कर लिया गया है।