विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे, जहां वह करीब ₹2,200 करोड़ की 52 बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। ये योजनाएं शहर और ग्रामीण क्षेत्र, दोनों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ सांस्कृतिक पुनर्जागरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और नगरीय जीवन की गुणवत्ता को नया आयाम देंगी। प्रधानमंत्री सेवापुरी के बनौली गांव में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किश्त भी जारी करेंगे, जिससे देश भर के लगभग 9.7 करोड़ किसानों के बैंक खातों में ₹2,000 की राशि सीधे हस्तांतरित होगी। इसमें वाराणसी के करीब सवा दो लाख किसान लाभार्थी होंगे। Uttar Pradesh Samachar
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी में ₹566.35 करोड़ की लागत से तैयार 14 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि ₹1618.10 करोड़ की 38 नई योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क का विस्तार, स्वास्थ्य ढांचे का सुदृढ़ीकरण, पर्यटन स्थलों का विकास, शैक्षणिक संस्थानों का उन्नयन, खेल अवसंरचना को आधुनिक बनाना और बिजली वितरण प्रणाली को भूमिगत करने जैसे तकनीकी कार्य शामिल हैं। यह समग्र प्रयास वाराणसी को एक स्मार्ट, सक्षम और नागरिक अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना और हरदत्तपुर रेलवे ओवरब्रिज जैसे कार्य प्रमुख हैं, जिनसे शहर में यातायात का दबाव कम होगा और कनेक्टिविटी बेहतर बनेगी। कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री लहरतारा-कोटवा, गंगापुर, बाबतपुर सहित कई ग्रामीण-शहरी गलियारों में सड़कों के चौड़ीकरण और ओवरब्रिज निर्माण की आधारशिला रखेंगे।
वाराणसी की सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हुए प्रधानमंत्री 8 नदी तटों पर स्थित घाटों के पुनर्विकास, कालिका धाम, रंगीलदास कुटिया, दुर्गाकुंड, शिवपुर और कर्दमेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार जैसी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।साथ ही, मुंशी प्रेमचंद के लमही स्थित पैतृक आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित करने, स्वतंत्रता सेनानियों की जन्मस्थलियों का संरक्षण, और सारनाथ, रामनगर, मांडवी जैसे क्षेत्रों में नगर सुविधा केंद्रों की स्थापना की परियोजनाओं का भी शिलान्यास होगा।
53 स्कूल भवनों का नवीनीकरण और नए जिला पुस्तकालय की स्थापना की जाएगी।
जल जीवन मिशन के तहत 47 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का उद्घाटन होगा।
प्रधानमंत्री रामकुंड, मंदाकिनी, शंकुलधारा जैसे सांस्कृतिक कुंडों के जल शोधन कार्य की नींव भी रखेंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में, पीएम मोदी महामना कैंसर संस्थान और भाभा कैंसर अस्पताल में अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी और सीटी स्कैन यूनिट्स का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा होम्योपैथिक कॉलेज, पशु जन्म नियंत्रण केंद्र, और श्वान देखभाल इकाई की भी आधारशिला रखी जाएगी।
डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल स्टेडियम में सिंथेटिक हॉकी टर्फ का उद्घाटन होगा।
रामनगर पीएसी परिसर में 300-क्षमता वाला बहुउद्देशीय हॉल और क्यूआरटी बैरक की नींव रखी जाएगी।
युवाओं को जोड़ने के लिए, काशी संसद प्रतियोगिता के तहत विभिन्न रचनात्मक और ज्ञान प्रतियोगिताओं के पंजीकरण पोर्टल का उद्घाटन होगा। प्रधानमंत्री अपने वाराणसी दौरे के दौरान 7,400 से अधिक दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण भी वितरित करेंगे, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और सम्मान को नई दिशा मिलेगी। Uttar Pradesh Samachar
विज्ञापन