विज्ञापन
UP News: सुभासपा मुखिया और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी में जल्द ही बड़ी टूट का दावा कर रहे हैं।

UP News: देश की राजनीति में पार्टियों में टूट-फूट की प्रक्रिया चल रही है। बंगाल में टीएमसी टूटू, महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना बिखरने के कगार पर है, अब टूट' की जंग यूपी की सियासत तक पहुंच गई है। सुभासपा मुखिया और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर लगातार समाजवादी पार्टी में जल्द ही बड़ी टूट का दावा कर रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को एक्स पर यह भी लिख दिया सपा में कौन होगा जो बगावत का नेतृत्व करेगा।
राजभर ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा। और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत है। योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है। टूट होकर रहेगी। मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, एसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें। और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे।'
इससे पहले बुधवार (17 जून) को भी उन्होंने सपा में टूट का दावा किया था। उन्होंने एक्स पर लिखा, "समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है। खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।"
इस बीच कानपुर में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भी कह दिया, 'सपा के 25-26 सांसद अभी टूटने को तैयार बैठे हैं। हम लोग तोड़ ही नहीं रहे हैं। 27 में वह अपने आप टूट कर चले जाएंगे।'
राजभर के दावे पर सपा मुखिया अखिलेश यदव ने भी पलटवार किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "भविष्यवाणी करनेवाले अपनी पार्टी की भविष्यवाणी करें कि उन्हें भाजपा 75 सीट दे रही है 50 या फिर सिर्फ़ आश्वासन। इन्होंने भाजपा के गठबंधन से 30 सीटें मिलने की अफ़वाह फैलाकर जो पैसा एडवांस लिया है, वो लोग इन्हें ढूँढ रहे हैं।" UP News
विज्ञापन