वाराणसी में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें लंका थाने में तैनात कांस्टेबल अमित शुक्ला घायल हो गए। उन्हें तीन गोलियां लगी हैं और ट्रामा सेंटर में उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई और मुठभेड़ के बाद राज विश्वकर्मा, अंजनी झा और राजू तिवारी को गिरफ्तार किया।

UP News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शुक्रवार देर शाम बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस घटना में लंका थाने में तैनात कांस्टेबल अमित शुक्ला गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें हाथ में एक और कमर के ऊपर दो गोलियां लगी हैं। घायल सिपाही को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान तीनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग असलहों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद लंका थाने में तैनात चार कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कांस्टेबल अमित शुक्ला घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस टीम ने भाग रहे आरोपियों का पीछा किया। इस दौरान लोहता क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई के दौरान राज विश्वकर्मा के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें : रिश्तों का खून! सगे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला
डीसीपी काशी गौरव बंसवाल के मुताबिक, मामले में पुलिस ने अंजनी झा और राजू तिवारी को भी गिरफ्तार किया। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को असलहा बरामद कराने के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपियों ने छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। तीनों घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। UP News:
घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं। वह पिछले तीन वर्षों से वाराणसी के लंका थाने में तैनात हैं। पुलिस के अनुसार, अमित शुक्ला एटीएस का प्रशिक्षण भी ले चुके हैं। फिलहाल ट्रामा सेंटर में उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
यह भी पढ़ें : नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की नई पहल से बचेंगी गंभीर मरीजों की जान
वाराणसी की घटना के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। अजय राय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ में कानून व्यवस्था को बेहतर बता रहे थे, उसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बदमाशों ने पुलिसकर्मी को गोली मार दी। उन्होंने इस घटना को सरकार के अपराध नियंत्रण संबंधी दावों पर तमाचा बताया और घायल सिपाही के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। UP News:
विज्ञापन