गोरखपुर के गोला क्षेत्र में गोवंशीय पशुओं के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने के मामले में शनिवार तड़के पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। माल्हनपार रोड स्थित चीनी मिल के पास हुई कार्रवाई में पुलिस ने चाचा-भतीजे को गिरफ्तार किया।

UP News : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गोवंशीय पशुओं के क्षत-विक्षत अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने शनिवार तड़के कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। गोला थाना क्षेत्र में माल्हनपार रोड स्थित चीनी मिल के पास करीब सुबह 4:30 बजे पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, दो बाइक पर सवार चार लोगों ने टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी की पहचान सिकरीगंज थाना क्षेत्र के इमलीडीह खुर्द निवासी अब्दुल रहमान उर्फ राजू के रूप में हुई है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार दूसरा आरोपी उसका चाचा नूरूल हसन बताया गया है। घायल अब्दुल रहमान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है। UP News :
यह मामला शुक्रवार सुबह सामने आया था। गोला थाना क्षेत्र के धौसहर उर्फ बेलवाबारी गांव में धन निरंकार आश्रम के पास खेत में गोवंशीय पशुओं के क्षत-विक्षत अवशेष मिले थे। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने अवशेषों को एकत्र कराकर जेसीबी की मदद से दफना दिया था। घटना से नाराज ग्रामीणों ने गोला-कौड़ीराम मार्ग पर चिलवा पुल के पास जाम भी लगाया था। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से धारदार हथियार, लाठियां, चप्पल और खून लगे कपड़े समेत कुछ सामान मिला था। पुलिस ने इन सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। UP News :
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी सीडीआर की मदद ली। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यह बात सामने आई कि गिरफ्तार चाचा-भतीजे कथित तौर पर एक कसाई की मदद से आवारा गोवंश को कटवाने और मांस बेचने से जुड़े थे। इस मामले में पुलिस अब फरार आरोपियों के साथ कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। UP News :
विज्ञापन