विज्ञापन
UP News: होर्डिंग पर समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के उपाध्यक्ष पंकज राजभर का नाम लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में राजभर समाज के लोग बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है

UP News: लखनऊ में समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर एक होर्डिंग के जरिए पर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा गया है। होर्डिंग में आरोप लगाते हुए साल 2024 से लेकर 2026 तक राजभर समाज पर अत्याचार का आरोप लगाया गया।
होर्डिंग में सबसे ऊपर लिखा है 'भाजपा सरकार में 2024 से 2026 के बीच में हुई राजभर समाज के लोगों की हत्याएं'। इसमें आरोप लगाया गया है कि वाराणसी में राजभर समाज के 6 लोगों की हत्या हुई है। इसी तरह बलिया, गाजिपुर, मऊ में तीन-तीन हत्याएं। बाराबंकी, कुशीनगर और संतकबीर नगर में 1-1 हत्या व जौनपुर में दो लोगों की हत्या होने का आरोप लगाया गया है।
होर्डिंग पर समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के उपाध्यक्ष पंकज राजभर का नाम लिखा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पंकज राजभर ने कहा कि ये आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर बिलकुल जीरो है। साथ यह भी स्पष्ट हो गया कि यहां पर राजभर समाज के लोग बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर सिर्फ राजभर समाज की बात करते हैं उनके सुरक्षा और विकास के लिए कोई काम नहीं करते। सिर्फ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की आलोचना में ही लगे रहते हैं।
पंकज राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी में ही राजभर और पीडीए समाज के लोग सुरक्षित हैं।
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। राजभर ने कहा, "उन्हें यह भी साफ़-साफ़ बताना चाहिए कि हत्यारा कौन है। बाराबंकी में, जब समाजवादी पार्टी का कोई नेता दिन-दहाड़े हत्या करता है, तो उन्हें यह बात साफ़ तौर पर कहनी चाहिए कि हत्या करने वाला एक यादव था... बैनर लगाने वाले लोगों को भी पीड़ितों के नामों के आगे साफ़-साफ़ लिखना चाहिए कि हत्यारा कौन था... ये तो बस समाजवादी पार्टी के बोझ ढोने वाले लोग हैं..."
विज्ञापन