प्रतापगढ़ में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1155 जोड़ों की शादी होगी। 3, 6, 16 और 19 नवंबर को चार चरणों में आयोजित होंगे विवाह समारोह। पढ़े पूरी खबर।

UP News:उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 1155 जोड़े विवाह के बंधन में बंधेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार यानी 3 नवंबर से राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में सामूहिक विवाह समारोह का शुभारंभ होगा। चार चरणों में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग विकासखंडों के जोड़े वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करेंगे। UP News
जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्य के अनुसार जिले के सभी 1155 जोड़ों का विवाह राजकीय इंटर कॉलेज प्रतापगढ़ के मैदान में कराया जाएगा। कार्यक्रम को चार चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक चरण में अलग-अलग विकासखंडों के लाभार्थी जोड़े शामिल होंगे। जिला प्रशासन की ओर से विवाह समारोह को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। UP News
सामूहिक विवाह समारोह का पहला चरण 3 नवंबर को आयोजित होगा। इस दौरान कुंडा, कालाकांकर, लक्ष्मणपुर, संडवा चंद्रिका और मंगरौरा विकासखंड के कुल 310 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। UP News
दूसरे चरण का आयोजन 6 नवंबर को होगा। इसमें बाबागंज, बिहार, रामपुर संग्रामगढ़, मानधाता और सदर विकासखंड के 310 जोड़े विवाह के बंधन में बंधेंगे। तीसरे चरण में 16 नवंबर को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दिन आसपुर देवसरा, बाबा बेलखरनाथ धाम, लालगंज और शिवगढ़ विकासखंड के कुल 248 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। सामूहिक विवाह योजना का अंतिम चरण 19 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें पट्टी, गौरा, सांगीपुर और सभी नगर पंचायतों के कुल 287 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। UP News
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद स्तरीय अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विवाह स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, यातायात और अग्निशमन की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा टेंट-पंडाल और मंच सहित अन्य जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं, ताकि समारोह में शामिल होने वाले लाभार्थियों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो। UP News
जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र कुमार मौर्य ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि वर-वधू अपने आधार कार्ड और अन्य जरूरी अभिलेख साथ लेकर निर्धारित तिथि और समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लाभार्थियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से दर्ज की जाएगी। इसलिए सभी जोड़ों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। UP News
विज्ञापन