उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ स्थित पट्टी नगर के ऐतिहासिक दशहरा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। पांच दिवसीय मेला 27 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन भगवान श्रीराम की शोभायात्रा और रावण वध का आयोजन होगा। 29 नवंबर की रात भरत मिलाप की चौकियां निकलेंगी, जबकि 30 नवंबर को भव्य भरत मिलाप होगा।

27 नवंबर से शुरू होगा पांच दिवसीय मेला, 29 नवंबर की रात निकलेंगी भरत मिलाप की चौकियां, 30 नवंबर को होगा भव्य आयोजन; सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए मांगा पर्याप्त पुलिस बल
UP News : उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में स्थित पट्टी नगर के ऐतिहासिक दशहरा मेले की आहट के साथ ही तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मेले की रौनक और परंपरागत आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मेला कमेटी ने अभी से सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। इसी क्रम में बुधवार को कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर से मुलाकात कर मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग उठाई। एसपी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने का भरोसा दिया।
27 नवंबर से शुरू होने वाला यह ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक उत्सव का संगम होगा। पहले दिन चमन चौक से भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद देर शाम मेला मैदान में रावण वध का आयोजन होगा। इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। UP News :
यह भी पढ़ें : बुंदेलखंड के 48,845 परिवारों को पक्की छत की उम्मीद
मेले का सबसे आकर्षक आयोजन भरत मिलाप होगा। 29 नवंबर की रात नगर में विभिन्न चौकियां निकलनी शुरू होंगी। वहीं, 30 नवंबर को नगर के मुख्य मार्ग पर भव्य भरत मिलाप का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नगर में श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था कमेटी की प्राथमिकता में है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी से हुई मुलाकात में मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान उन्हें पिछले वर्ष प्रकाशित मेला रिपोर्ट पत्रिका भी भेंट की गई। कमेटी ने प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी की मांग रखी। मेला कमेटी अध्यक्ष जुग्गी लाल जायसवाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने मेले के दौरान पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मेले की ऐतिहासिक परंपरा और गरिमा के अनुरूप सभी कार्यक्रम व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। इस मौके पर महामंत्री अशोक कुमार श्रीवास्तव, सह प्रबंधक राम चरित्र वर्मा समेत कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। UP News :
विज्ञापन