
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आज प्रयागराज के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान वह उस समय भड़क गए जब डेंगू से मरे प्रदीप पांडे के परिजन उन्हें ज्ञापन सौंपने पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब सरकार आपके साथ खड़ी है तो फिर धरना प्रदर्शन और आत्मदाह जैसी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। इस मामले को लेकर जरा भी राजनीति किया जाना अच्छी बात नहीं है।
आपको बता दें कि विगत 19 अक्टूबर को प्रयागराज के बमरौली निवासी प्रदीप पांडेय को डेंगू होने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां नकली प्लेटलेट्स चढ़ाने से उनकी मौत हो गई थी। इस मामले की जांच की गई। जिसमें अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर कर दिया गया।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक प्रयागराज के केपी कॉलेज में योग शिविर कार्यक्रम से लौटकर सर्किट हाउस पहुंचे थे। जहां सपा नेता संदीप यादव समेत दर्जनों सपा कार्यकर्ता के साथ मृतक प्रदीप पांडेय के साले सौरभ त्रिपाठी भी खड़े थे। साथ में मृतक की पत्नी भी मौजूद थीं। जिन्होंने डिप्टी सीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मृतक की पत्नी को नौकरी और मुआवजा दिया जाए। लापरवाही बरतने वाले अस्पताल मालिक को गिरफ्तार किया जाए।
डिप्टी सीएम ने ज्ञापन तो ले लिया, लेकिन उनकी नाराजगी भी साफ दिखी। उन्होंने मृतक की पत्नी से कहा कि आप मेरी बहन जैसी हैं। इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए, सरकार न्याय करेगी। वह सपा नेता की तरफ इशारा करते हुए बोले कि इनका सहारा क्यों लेना? प्रदर्शन और आत्मदाह का प्रयास करना गलत है। आपको बता दें कि इस मामले में मृतक के साले ने आत्मदाह करने की कोशिश भी की गई थी।