विज्ञापन
राम मंदिर में दान (चढ़ावा) से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति लगातार गरमा रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अयोध्या दौरे का ऐलान किया है।

UP News : राम मंदिर में दान (चढ़ावा) से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति लगातार गरमा रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने अयोध्या दौरे का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी का नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचेगा। दौरे के दौरान नेता पहले रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे, इसके बाद दान विवाद को लेकर अपना पक्ष भी रख सकते हैं।
UP News
कांग्रेस के कार्यक्रम के अनुसार प्रतिनिधिमंडल मंगलवार सुबह लखनऊ से रवाना होकर करीब 11 बजे अयोध्या पहुंचेगा। दल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय करेंगे। उनके साथ अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर के सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया, फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद ए.पी. गौतम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और पूर्व विधायक मीता गौतम भी शामिल रहेंगे। दौरे के दौरान रामलला के दर्शन के साथ स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग लेने की योजना है।
UP News
कांग्रेस का कहना है कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़े कथित घोटाले ने देशभर में लोगों की भावनाओं को आहत किया है। पार्टी ने इस मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग दोहराई है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच होनी चाहिए ताकि जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय हो सके।
UP News
प्रदेश कांग्रेस ने अपने अयोध्या दौरे की जानकारी पहले ही जिला प्रशासन और पुलिस को दे दी है। पार्टी ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उनका दौरा धार्मिक आस्था के सम्मान के साथ-साथ जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
UP News
अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने भी इस पूरे मामले में भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मांग की है कि कथित दान घोटाले की जांच किसी उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि जांच की निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठे। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में पूरी पारदर्शिता जरूरी है। राम मंदिर दान मामले में पहले ही विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्रवाई, गिरफ्तारियां और ट्रस्ट से जुड़े घटनाक्रम राजनीतिक बहस का विषय बने हुए हैं। इसी बीच कांग्रेस का अयोध्या दौरा इस मुद्दे को और अधिक राजनीतिक तूल दे सकता है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस मुद्दे पर बयानबाजी और तेज हो सकती है।
UP News
विज्ञापन