पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से बिहार जा रही करीब 80 यात्रियों से भरी बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।

UP News : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हैदरगढ़ क्षेत्र में गेरांवा गांव के पास दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक के दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रक का क्लीनर और बस में सवार कई यात्री घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, बस संख्या BR 50 P 4873 में करीब 80 यात्री सवार थे। बस दिल्ली से बिहार की ओर जा रही थी। भोर के समय गेरांवा गांव के पास बस चालक अजय कुमार यादव ने वाहन को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया था। बताया गया कि चालक बस के पहियों की हवा चेक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक संख्या HR 55 AT 2023 ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना में बस चालक अजय कुमार यादव और ट्रक चालक दीप चन्दर राय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक का क्लीनर और बस में सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दी जा रही है। UP News :
हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों और अन्य परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। UP News :
विज्ञापन