उत्तर प्रदेश सरकार का बड़ा ऐलान, राहवीर को देगी इनाम
भारत
चेतना मंच
06 Oct 2025 05:13 PM
परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गौतम बुद्ध नगर, डॉ. उदित नारायण पांडे ने जानकारी दी है कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता पहुंचाने वाले जिम्मेदार नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए “राह-वीर योजना” को और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाया गया है। UP News
मदद करने वाले नागरिकों को मिलेगी राशि
अब इस योजना के अंतर्गत दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों की मदद करने वाले नागरिक को ₹25,000 की नकद राशि के साथ सम्मानित भी किया जाएगा। पहले की तुलना में यह राशि बढ़ाई गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग आगे आकर दूसरों की जान बचाने में सहयोग करें। डॉ. पांडे ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क हादसे के "गोल्डन ऑवर" यानी हादसे के एक घंटे के भीतर घायल को अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाकर समय पर इलाज दिलवाता है तो वह “राह-वीर पुरस्कार” का हकदार होगा।
पुरस्कार के साथ सम्मान भी मिलेगा
खास बात यह है कि यदि घायल की इलाज के दौरान मृत्यु भी हो जाती है तो भी मदद करने वाले व्यक्ति को यह पुरस्कार और सम्मान मिलेगा, बशर्ते अस्पताल यह प्रमाणित करे कि मौत का कारण सड़क दुर्घटना ही थी। शासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि गंभीर सड़क दुर्घटना उन्हीं मामलों को माना जाएगा जिनमें बड़ी शल्यक्रिया की जरूरत पड़ी हो, घायल को तीन दिन से अधिक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा हो, मस्तिष्क या रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगी हो या इलाज के दौरान घायल की मृत्यु हो गई हो। डॉ. पांडे ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल घायलों की जान बचाना नहीं है, बल्कि समाज में मानवता, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करना है।
“राह-वीर योजना” एक सराहनीय पहल है जो आम नागरिकों को यह संदेश देती है कि हम सब मिलकर दूसरों की जान बचाने में भागीदार बन सकते हैं। इस पहल से सड़क सुरक्षा में जनभागीदारी बढ़ेगी और मानवीय मूल्यों को नया आयाम मिलेगा। UP News