चौपुरा गांव में संपत्ति बंटवारे और घरेलू विवाद को लेकर छोटे भाई की हत्या के आरोपी बड़े भाई को हरचंदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

UP News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के चौपुरा गांव में संपत्ति बंटवारे और घरेलू विवाद ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। पुलिस के अनुसार, जमीन में हिस्सा न मिलने और घरेलू विवाद को लेकर नाराज बड़े भाई ने अपने छोटे भाई पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी को हरचंदपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया और घटना पर पछतावा जताया।
मामला हरचंदपुर थाना क्षेत्र के चौपुरा गांव का है। गांव निवासी रवि चौधरी (31) एक निजी स्कूल में बस परिचालक के तौर पर काम करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए वह ड्यूटी के बाद चाट का ठेला भी लगाता था।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह रवि रोजाना की तरह बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। गांव के बाहर उसका बड़ा भाई अनूप चौधरी पहले से मौजूद था। आरोप है कि अनूप ने रवि को रोक लिया और उस पर ईंट से हमला कर दिया। हमले में रवि के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद मृतक की मां लक्ष्मी देवी की तहरीर पर हरचंदपुर पुलिस ने आरोपी अनूप चौधरी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान शुक्रवार को थाना प्रभारी प्रवीण सिंह को सूचना मिली कि आरोपी गांव के आसपास ही छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अनूप चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घर में उसे ठीक से खाना नहीं दिए जाने और संपत्ति के बंटवारे को लेकर वह अपने छोटे भाई से नाराज था। पुलिस के अनुसार, इसी खुन्नस में उसने रवि पर हमला किया। हालांकि, पुलिस हिरासत में आने के बाद आरोपी ने अपने किए पर पछतावा जताया। उसने कथित तौर पर कहा कि उसे ऐसा कदम नहीं उठाना चाहिए था।
हरचंदपुर थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद चौपुरा गांव में भी घटना को लेकर चर्चा है। एक ही परिवार के दो भाइयों के बीच संपत्ति और घरेलू विवाद का मामला इस हद तक पहुंच गया कि एक भाई की जान चली गई और दूसरा जेल पहुंच गया।
विज्ञापन