रायबरेली के पीएसी कैंपस में होमगार्ड भर्ती की फिजिकल दौड़ के दौरान तेज धूप और गर्मी के बीच कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। करीब 50 अभ्यर्थियों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य को निगरानी में रखा गया।

UP News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत पीएसी कैंपस में चल रही फिजिकल दौड़ के दौरान सोमवार को भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। रनिंग के दौरान कई महिला अभ्यर्थियों समेत करीब चार दर्जन से अधिक अभ्यर्थी मैदान में ही गश खाकर गिर पड़े। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बीमार अभ्यर्थियों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। जानकारी के मुताबिक, सोमवार को पीएसी कैंपस में करीब 1050 अभ्यर्थियों की रनिंग प्रस्तावित थी। सुबह से ही मौसम साफ था और तेज धूप के साथ उमस भी बनी हुई थी। इसी दौरान अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा के तहत दौड़ लगानी थी। लगातार दौड़ने के दौरान कई अभ्यर्थियों को चक्कर आने लगे। देखते ही देखते कई लोग मैदान में ही गिर पड़े। इनमें महिला अभ्यर्थी भी शामिल थीं। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। UP News:
जिला अस्पताल पहुंची महिला अभ्यर्थियों ने बताया कि दौड़ के दौरान धूप काफी तेज थी। लगातार रनिंग करने के बाद उन्हें सिर में चक्कर आने लगा और शरीर ने साथ देना बंद कर दिया। इसके बाद वे मैदान में गिर पड़ीं। अचानक बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने से भर्ती स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों और संबंधित टीमों ने बीमार अभ्यर्थियों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के दौरान तबीयत बिगड़ने के मामलों में अब तक करीब 50 लोग अस्पताल पहुंच चुके हैं। इनमें कुछ अभ्यर्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिलने पर घर भेज दिया गया, जबकि कुछ को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। अस्पताल पहुंचने वालों में प्रतापगढ़ की 25 वर्षीय कविता, 24 वर्षीय पूर्णिमा, कानपुर की 33 वर्षीय ज्योति गुप्ता और 22 वर्षीय दिव्या समेत कई अन्य अभ्यर्थी शामिल बताए गए हैं।
अस्पताल पहुंचे अभ्यर्थियों और उनके परिजनों ने तेज धूप में फिजिकल परीक्षा आयोजित किए जाने को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इतनी गर्मी में लगातार दौड़ लगाने से अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। हालांकि, अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने के बावजूद पीएसी कैंपस में भर्ती प्रक्रिया के तहत रनिंग जारी रही। घटना के बाद गर्मी और खुले मैदान में आयोजित होने वाली शारीरिक परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। UP News:
विज्ञापन